Gwalior News: सरकारी स्कूलों में वितरित होने वाला मिड-डे मील अक्सर अपनी गुणवत्ता को लेकर विवादों में रहता है। कभी मेन्यू के अनुसार भोजन नहीं बनता तो कभी इसमें कीड़े जैसी घटनाएं सामने आती हैं। ताजा मामला ग्वालियर के गोकुलपुर शासकीय प्राथमिक विद्यालय से सामने आया है, जहां मिड-डे मील में एक मेंढक मिला।
इस घटना ने सभी को चौंका दिया। सूत्रों के अनुसार, सोमवार को जब छात्रों को मध्याह्न भोजन बांटा जा रहा था, तब आलू की सब्जी में मरा हुआ मेंढक निकल आया। यह लापरवाही भोजन वितरण करने वाली महिला कर्मचारी ने देखी। महिला ने जब सब्जी में चमचा चलाया, तो मेंढक उसमें आ गया। सब्जी में अचानक मेंढक दिखाई देने पर सभी स्कूल में मौजूद लोग हैरान रह गए। महिला कर्मचारी ने इसे वीडियो में भी रिकॉर्ड किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।
इस घटना के बाद मिड-डे मील की गुणवत्ता पर सवाल उठने लगे हैं। लोग यह जानने के लिए परेशान हैं कि बच्चों के लिए भेजा जाने वाला पौष्टिक भोजन कितनी लापरवाही से तैयार किया जा रहा है। स्कूल के कर्मचारियों के अनुसार, पहले भी मिड-डे मील में कीड़े या खराब गुणवत्ता की शिकायतें आती रही हैं, लेकिन हालात सुधरने की बजाय और गंभीर होते जा रहे हैं। अब कीड़ों की जगह सीधे मेंढक जैसी घटनाएं सामने आने लगी हैं।
