लाइफस्टाइल

रोज खाई जाने वाली ये चीजें धीरे-धीरे खराब कर रही हैं आपका दिल, कार्डियोलॉजिस्ट ने बताया हार्ट डिजीज की बड़ी वजह

Heart Harming Foods: रोज खाई जाने वाली कई आम चीजें धीरे-धीरे दिल को नुकसान पहुंचा सकती हैं। कार्डियोलॉजिस्ट के अनुसार रोज खाए जाने वाले कुछ फूड हार्ट डिजीज का खतरा बढ़ाते हैं।

Image

रोज खाए जाने वाले दिल के लिए सबसे खराब फूड्स

Heart Harming Foods: अक्सर हमें लगता है कि दिल की बीमारी सिर्फ जंक फूड खाने से होती है, लेकिन सच इससे थोड़ा अलग है। इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. जीवितेश सतीजा बताते हैं कि कई बार खतरा उन चीजों से बढ़ता है, जिन्हें हम रोज खाते हैं और बिल्कुल सामान्य मानते हैं। चाय के साथ बिस्किट, ज्यादा नमकीन, रिफाइंड तेल या मीठे ड्रिंक्स जैसी आदतें धीरे-धीरे दिल पर असर डाल सकती हैं। रिसर्च भी बताती है कि भारत में कम उम्र में हार्ट अटैक के मामले बढ़ रहे हैं और इसमें खानपान की भूमिका अहम है। अच्छी बात यह है कि बहुत ज्यादा सख्त डाइट की जरूरत नहीं, बल्कि रोज की छोटी-छोटी आदतों में सुधार करके दिल को लंबे समय तक स्वस्थ रखा जा सकता है।

रोज खाए जाने वाले दिल के लिए सबसे अनहेल्दी फूड्स - Unhealthy Foods For Heart

रिफाइंड तेल

घर में इस्तेमाल होने वाला रिफाइंड तेल जैसे सनफ्लावर, सोयाबीन या पाम ऑयल देखने में सामान्य लगता है, लेकिन इसे बार-बार तेज आंच पर गर्म करने से हानिकारक तत्व बनने लगते हैं। डॉ. जीवितेश सतीजा के अनुसार इससे शरीर में सूजन बढ़ सकती है, जो धीरे-धीरे दिल की सेहत को प्रभावित करती है। ज्यादा ओमेगा-6 फैट का संतुलन बिगड़ने पर भी समस्या बढ़ सकती है। इसलिए सरसों तेल या ऑलिव ऑयल को सीमित मात्रा में इस्तेमाल करना बेहतर माना जाता है और तेल को बार-बार गर्म करने से बचना चाहिए।

ज्यादा नमकीन और पैकेज्ड स्नैक्स

नमकीन, चिप्स या पैकेज्ड स्नैक्स खाने की आदत बहुत आम है, लेकिन इनमें नमक और ट्रांस फैट ज्यादा होता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन के अनुसार ज्यादातर लोग जरूरत से ज्यादा नमक खा लेते हैं, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है। लंबे समय तक हाई बीपी दिल पर दबाव बढ़ाता है। अगर स्नैक खाना हो तो कम नमक वाले मखाने, भुना चना या मूंगफली बेहतर विकल्प हो सकते हैं।

चाय के साथ बिस्किट-रस्क

चाय के साथ बिस्किट, केक या रस्क खाने की आदत धीरे-धीरे नुकसान कर सकती है, क्योंकि इनमें मैदा, चीनी और अनहेल्दी फैट ज्यादा होता है। स्टडी के मुताबिक ऐसे फूड्स नियमित खाने से दिल की बीमारी का खतरा बढ़ सकता है। इसकी जगह फल, ड्राय फ्रूट्स या घर का बना हल्का नाश्ता ज्यादा अच्छा माना जाता है, जिससे पेट भी भरा रहता है और सेहत भी बेहतर रहती है।

मीठे ड्रिंक्स दिल के लिए नहीं हैं सही

पैक्ड जूस और कोल्ड ड्रिंक को कई लोग हेल्दी समझ लेते हैं, लेकिन इनमें अक्सर जरूरत से ज्यादा चीनी होती है। ज्यादा चीनी शरीर में ट्राइग्लिसराइड बढ़ा सकती है और फैटी लिवर का खतरा भी बढ़ाती है, जिसका असर दिल पर भी पड़ सकता है। रोज मीठा ड्रिंक लेने की बजाय नारियल पानी, नींबू पानी या ताजे फल लेना ज्यादा फायदेमंद माना जाता है।

ज्यादा मैदा, सफेद चावल और प्रोसेस्ड फूड

बहुत ज्यादा मैदा या सफेद चावल खाने से शरीर में बार-बार शुगर लेवल तेजी से बढ़ता और घटता है। समय के साथ इससे इंसुलिन रेजिस्टेंस का खतरा बढ़ सकता है, जो दिल की बीमारी से जुड़ा माना जाता है। इसी तरह प्रोसेस्ड मीट और इंस्टेंट फूड में नमक और प्रिजर्वेटिव ज्यादा होते हैं। बेहतर है कि डाइट में साबुत अनाज, मिलेट्स, ताजा घर का खाना, अंडे और सीमित मात्रा में घी या मक्खन शामिल किया जाए।

गांठ बांध लें डॉक्टर की सलाह

डॉ. जीवितेश सतीजा के अनुसार दिल को स्वस्थ रखने के लिए बहुत ज्यादा कठिन डाइट फॉलो करने की जरूरत नहीं होती। रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतों में सुधार करके हार्ट अटैक, बीपी और डायबिटीज जैसे जोखिम को काफी हद तक कम किया जा सकता है। सही जानकारी और संतुलित खानपान ही लंबे समय तक दिल को स्वस्थ रखने का आसान तरीका है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article