लाइफस्टाइल

रात होते ही क्यों बाहर निकल आते हैं कॉकरोच? जान लें इनके इस खास व्यवहार के पीछे का विज्ञान

Cockroaches at Night: दिनभर अंदर छुपे कॉकरोच रात होते ही बाहर निकल आते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आखिर रात में ही कॉकरोच बाहर क्यों निकलते हैं। आइए जानते हैं इसके पीछे का रहस्य।

Image

रात में क्यों निकलते हैं कॉकरोच

Cockroaches at Night: दिनभर कहीं नजर न आने वाले कॉकरोच घर की लाइट बंद होते ही रसोई, बाथरूम या स्टोर रूम में अचानक दिखाई देने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रात होते ही इनकी गतिविधियां क्यों बढ़ जाती हैं। कई लोगों के मन में यह सवाल जरूर आता है कि आखिर कॉकरोच रात में ही क्यों निकलते हैं? क्या उन्हें अंधेरा पसंद होता है या इसके पीछे कोई वैज्ञानिक कारण छुपा हुआ है। यदि आप भी इस सवाल का जवाब तलाश रहे हैं, तो आज हम आपको कॉकरोच (Cockroach) के इस व्यवहार से जुड़ा ये अनोखा रहस्य बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं इसके बारे मे विस्तार से...

रात में क्यों एक्टिव होते हैं कॉकरोच

वैज्ञानिक भाषा में कॉकरोच को 'नॉक्टर्नल' यानी रात्रिचर जीव कहा जाता है। इसका मतलब है कि वे दिन की बजाय रात में अधिक सक्रिय रहते हैं। उनकी जैविक घड़ी (Biological Clock) इस तरह विकसित हुई है कि वे अंधेरे में भोजन की तलाश, प्रजनन और अन्य गतिविधियां करते हैं। रात का समय उनके लिए ज्यादा सुरक्षित माना जाता है क्योंकि इस दौरान इंसानों और अन्य शिकारी जीवों की गतिविधियां कम हो जाती हैं।

शरीर में छुपी है खास वजह

कॉकरोच के शरीर में ऐसे संवेदनशील रिसेप्टर्स होते हैं जो प्रकाश और कंपन को महसूस कर सकते हैं। जैसे ही कॉकरोच के शरीर पर तेज रोशनी पड़ती है, वे उसे खतरे का संकेत समझकर तुरंत किसी दरार, कोने या फर्नीचर के पीछे छिप जाते हैं। यही कारण है कि रात में अचानक किचन की लाइट जलाने पर कॉकरोच तेजी से भागते हुए दिखाई देते हैं।

रात में करते हैं खाने की तलाश

रात का समय कॉकरोचों के लिए भोजन की तलाश का सबसे अच्छा अवसर होता है। दिनभर छिपे रहते के कारण वह अंधेरा होने पर खाने की तलाश में बाहर निकलते हैं। इसलिए रसोई में बचा हुआ खाना, कूड़ेदान, गीले बर्तन, सिंक के आसपास जमा गंदगी भी उनके भोजन का सोर्स बन सकती है।

कॉकरोच दिखने पर कब होना है सावधान

एक्सपर्ट्स के अनुसार यदि आपके घर में दिन के समय भी कॉकरोच दिखाई देने लगें, तो यह नॉर्मल कंडीशन नहीं है। इसका मतलब है कि अब आपके घर में उनकी संख्या बहुत अधिक हो गई है। ऐसे में सफाई बढ़ाने और जरूरी होने पर पेस्ट कंट्रोल करवाने का समय आ चुका है।

कॉकरोचों को घर से दूर रखने के उपाय

  • रसोई और खाने की जगहों को हमेशा साफ रखें।
  • रात में सिंक में गंदे बर्तन न छोड़ें।
  • कूड़ेदान को ढककर रखें और नियमित रूप से खाली करें।
  • दीवारों और फर्श की दरारों को बंद करें।
  • घर में नमी और पानी के रिसाव को तुरंत ठीक करवाएं।

तो इस तरह आपको स्पष्ट हो गया होगा कि कॉकरोचों का रात में बाहर निकलना कोई महज संयोग नहीं, बल्कि उनकी नेचुरल लाइफस्टाइल का हिस्सा है। इसलिए यदि रात में घर में कॉकरोच दिखाई दें तो यह उनका स्वाभाविक व्यवहार है। हालांकि नियमित सफाई और कुछ जरूरी सावधानी बरतकर इन अनचाहे मेहमानों को घर से काफी हद तक दूर रखा जा सकता है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article