Aishwarya Rai Iconic Saree: संजय लीला भंसाली की फिल्म 'देवदास' को रिलीज हुए दो दशक से ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन फिल्म में ऐश्वर्या राय बच्चन का 'पारो' वाला लुक आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे आइकॉनिक फैशन मोमेंट्स में गिना जाता है। खासकर उनकी साड़ियां, जिनकी भव्यता और बारीकियों की चर्चा आज भी फैशन की दुनिया में होती है।
हाल ही में फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइनर नीता लुल्ला ने उन साड़ियों से जुड़े कई ऐसे राज साझा किए, जिनके बारे में बहुत कम लोग जानते थे। उन्होंने बताया कि इन साड़ियों को खूबसूरत दिखाने के लिए हर छोटी-छोटी डिटेल पर महीनों तक काम किया गया था।
अब नहीं मिलता वह खास सिल्क
नीता लुल्ला ने बताया कि फिल्म में ऐश्वर्या की मशहूर रॉयल ब्लू साड़ी एक बेहद दुर्लभ स्पन सिल्क फैब्रिक से तैयार की गई थी। दिलचस्प बात यह है कि यह फैब्रिक अब बाजार में उपलब्ध ही नहीं है। यही वजह है कि उस साड़ी को दोबारा बिल्कुल उसी तरह बनाना लगभग नामुमकिन माना जाता है।
पेटीकोट भी था उतना ही खास
आमतौर पर लोग साड़ी पर ध्यान देते हैं, लेकिन 'देवदास' में ऐश्वर्या के लुक की खासियत उनके पेटीकोट में भी छिपी थी। नीता लुल्ला ने खुलासा किया कि उस साड़ी के नीचे जामावर ब्रोकेड का पेटीकोट तैयार किया गया था। इसका उद्देश्य था कि शूटिंग के दौरान अगर दौड़ने या तेज मूवमेंट में साड़ी ऊपर उठे तो अंदर का हिस्सा भी उतना ही शाही दिखाई दे। यही सोच फिल्म की कॉस्ट्यूम डिजाइन को अलग स्तर पर ले जाती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: असली और नकली हैंडलूम साड़ी की पहचान कैसे करें
10 मीटर लंबी थी ऐश्वर्या का रॉयल साड़ी
आज आमतौर पर महिलाएं 5.5 से 6 मीटर लंबी साड़ी पहनती हैं, लेकिन 'देवदास' में पारो के किरदार के लिए ऐश्वर्या को कई दृश्यों में 8 से 10 मीटर लंबी साड़ियां पहनाई गईं। लंबे पल्लू और भारी ड्रेपिंग की वजह से उनका पूरा व्यक्तित्व बेहद शाही और प्रभावशाली नजर आता था। यही वजह है कि स्क्रीन पर उनका हर फ्रेम किसी पेंटिंग जैसा लगता था।
महीनों की रिसर्च के बाद रेडी हुआ लुक
नीता लुल्ला ने पहले भी बताया था कि 'देवदास' के लिए उन्होंने और उनकी टीम ने बंगाल की पारंपरिक संस्कृति, पुराने फैशन और बुनाई पर गहराई से रिसर्च की थी। फिल्म के लिए सैकड़ों साड़ियां खरीदी गईं और कई जगह दो या तीन अलग-अलग साड़ियों को मिलाकर एक नया डिजाइन तैयार किया गया।
जब एक रात में तैयार करनी पड़ी नई साड़ी
'देवदास' के क्लाइमैक्स से जुड़ा एक किस्सा भी काफी मशहूर है। नीता लुल्ला के मुताबिक, शूटिंग से ठीक पहले निर्देशक संजय लीला भंसाली ने साड़ी के पल्लू को और लंबा करने का फैसला लिया। इसके बाद पूरी टीम ने रातभर काम करके नई साड़ी तैयार की ताकि अगले दिन शूटिंग तय समय पर हो सके।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 24 साल बाद भी लोग नहीं भूले वो साड़ी
इसलिए आज भी याद किया जाता है 'पारो' का लुक
'देवदास' सिर्फ अपनी कहानी, संगीत और अभिनय के अलावा कॉस्ट्यूम डिजाइनिंग भी भारतीय सिनेमा की सबसे बेहतरीन उपलब्धियों में गिनी जाती है। ऐश्वर्या राय बच्चन की साड़ियों में दुर्लभ फैब्रिक, पारंपरिक कारीगरी, लंबी ड्रेपिंग और बारीक डिटेलिंग का ऐसा मेल देखने को मिला, जिसने उन्हें फैशन इतिहास का हिस्सा बना दिया।
