लाइफस्टाइल

तुलसी के पौधे में केले का छिलका डालने से क्या होता है? जानें सूख रही तुलसी को फिर से हरा भरा कैसे करें

तुलसी के पत्ते पीले होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। जब पौधे को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता, तो उसकी पत्तियां कमजोर होकर पीली पड़ने लगती हैं।

Image

तुलसी के पौधे में केले का छिलका डालने से क्या होता है? (Photo: AI Image)

भारतीय घरों में तुलसी का पौधा आस्था और स्वास्थ्य दोनों के मकसद से लगाया जाता है। यहां बहुत से घरों में आपको तुलसी का पौधा देखने को मिल जाएगा। बहुत से लोगों की शिकायत होती है कि उनका तुलसी का पौधा ज्यादा दिन नहीं चल पाता है। ऐसे लोग बताते हैं कि कई बार सही देखभाल के बावजूद इसकी पत्तियां पीली पड़ने लगती हैं और पौधा धीरे-धीरे सूखने लगता है। लोगों को समझ में नहीं आता कि आखिर करें क्या। ऐसे लोगों को हम बता दें कि आपकी परेशानी का जवाब आपकी रसोई में ही मौजूद है। इस उपाय का नाम है केले का छिलका।

क्यों पीले पड़ने लगते हैं तुलसी के पत्ते

गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के अनुसार, तुलसी के पत्ते पीले होने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। मिट्टी में पोषक तत्वों की कमी, खासकर पोटैशियम और नाइट्रोजन की कमी, ज्यादा पानी देना या मिट्टी का सख्त हो जाना इसके मुख्य कारण हैं। जब पौधे को पर्याप्त पोषण नहीं मिलता, तो उसकी पत्तियां कमजोर होकर पीली पड़ने लगती हैं।

ऐसे में केले के छिलके एक प्राकृतिक खाद के रूप में बहुत कारगर साबित होते हैं। इनमें पोटैशियम, फॉस्फोरस और कैल्शियम जैसे जरूरी तत्व भरपूर मात्रा में होते हैं, जो पौधे की जड़ों को मजबूत बनाते हैं और उसकी ग्रोथ को बेहतर करते हैं।

तुलसी के पौधे में कैसे इस्तेमाल करें केले का छिलका

इस उपाय को अपनाने के लिए सबसे पहले केले के छिलकों को फेंकने के बजाय अच्छी तरह धोकर धूप में सुखा लें। जब ये पूरी तरह सूखकर कड़े हो जाएं, तो इन्हें मिक्सर में पीसकर बारीक पाउडर बना लें। यह पाउडर लंबे समय तक स्टोर किया जा सकता है और जरूरत पड़ने पर इस्तेमाल किया जा सकता है।

अब एक लीटर पानी में एक चम्मच यह पाउडर मिलाकर घोल तैयार करें। इस घोल को तुलसी के पौधे की जड़ों में डालें। ध्यान रखें कि पहले मिट्टी को हल्का ढीला कर लें, ताकि पोषण सीधे जड़ों तक पहुंच सके। इस प्रक्रिया को सप्ताह में एक बार दोहराने से कुछ ही दिनों में फर्क नजर आने लगता है।

जरूर ध्यान रखें ये बातें

हालांकि, एक जरूरी बात का ध्यान रखें। कभी भी ताजे या गीले केले के छिलके सीधे मिट्टी में न डालें, क्योंकि इससे फंगस और कीड़े लग सकते हैं। इसके अलावा तुलसी को रोज 4–5 घंटे धूप देना, जरूरत के अनुसार ही पानी देना और समय-समय पर पौधे की छंटाई करना भी जरूरी है। सही देखभाल और इस आसान उपाय से आपका तुलसी का पौधा फिर से हरा-भरा और घना बन सकता है।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article