कई बार जिंदगी में कुछ ऐसे इत्तेफाक हो जाते हैं, जो हैरान भी करते हैं और सोचने पर मजबूर भी कर देते हैं। नेहरू-गांधी परिवार की दो अलग-अलग पीढ़ियों की दो बड़ी किताबें इसका एक बेहतरीन उदाहरण हैं। क्या यह महज इत्तेफाक है कि सोनिया गांधी ने अपनी आत्मकथा की शुरुआत ऋग्वेद के एक सूक्त से की है और करीब आठ दशक पहले पंडित जवाहरलाल नेहरू ने भी अपनी चर्चित किताब द डिस्कवरी ऑफ इंडिया में ऋग्वेद के ही एक सूक्त का सहारा लिया था?
सोनिया गांधी की आत्मकथा इन दिनों देशभर में चर्चा में है।
सबसे पहले बात करते हैं इस साल 10 नवंबर को छप कर आई सोनिया गांधी की आत्मकथा बिलांगिंग: अ जर्नी ऑफ लव की। हार्पर कॉलिंस इंडिया ने इसे प्रकाशित किया है। दशकों तक भारतीय राजनीति के केंद्र में रहकर भी अपनी निजी जिंदगी को बेहद निजी रखने वाली सोनिया गांधी ने इस किताब में अपने जीवन के कई अनकहे किस्सों को आम किया है। उन्होंने अपनी आत्मकथा की शुरुआत ऋग्वेद की इन पंक्तियों से की है -
Move together, speak together, let your minds be in concord.United be your purpose, harmonious be your hearts,Collected be your thoughts, so that you dwell in togetherness, in wholeness.
इसका अर्थ है - एक साथ आगे बढ़ें, एक साथ बोलें, अपने दिमागों को एक साथ रहने दें। एक साथ चलें, एक साथ बोलें, आपके विचारों में सामंजस्य हो, आपके दिल और उद्देश्य एक हों। यह मंत्र ऋग्वेद के अंतिम मंडल यानी 10वें मंडल के 191वें सूक्त (मंत्र 2 से 4) से लिया गया है। इसे संगठन सूक्त या संज्ञान सूक्त कहा जाता है। वैदिक काल से चला आ रहा यह सूक्त आपसी एकता, वैचारिक तालमेल और एक-दूसरे के साथ मिलकर चलने का संदेश देता है।
अब जरा इतिहास में थोड़ा पीछे चलिए। जब देश आजादी के मुहाने पर था या आजाद भारत की नींव रखी जा रही थी, तब पंडित जवाहरलाल नेहरू ने अहमदनगर किले की जेल में रहते हुए द डिस्कवरी ऑफ इंडिया लिखी। इस किताब पर एक धारावाहिक भी बना था जो दूरदर्शन पर प्रसारित होता था। आंखें बंद कर के भारत एक खोज नाम से बने उस धारावाहिक के बारे में सोचेंगे तो एक आवाज आपके कानों में जरूर गूंजेगी:
सृष्टि से पहले सत् नहीं था, असत् भी नहीं।अंतरिक्ष भी नहीं, आकाश भी नहीं था...छिपा था क्या? कहां? किसने ढका था?उस समय तो अगम, अगाध जल भी कहां था?
ये पंक्तियां ऋग्वेद के नासदीय सूक्त से ली गई हैं। इसे सृष्टि सूक्त या द हायमन ऑफ क्रिएशन भी कहा जाता है। इसमें ब्रह्मांड की उत्पत्ति को लेकर ऐसे सवाल उठाए गए हैं, जो हजारों साल बाद भी विज्ञान और दर्शन की दुनिया में जिज्ञासा पैदा करते हैं।
यह एक दिलचस्प वैचारिक संयोग है कि नेहरू-गांधी परिवार की दो अलग-अलग पीढ़ियों ने अपनी महत्वपूर्ण पुस्तकों की शुरुआत ऋग्वेद के दो विशिष्ट सूक्तों से जुड़ी है। करीब आठ दशक पहले पंडित जवाहरलाल नेहरू ने द डिस्कवरी ऑफ इंडिया के चौथे अध्याय में वेदों की चर्चा करते हुए नासदीय सूक्त का उल्लेख किया था। वहीं, सोनिया गांधी ने अपनी संस्मरण पुस्तक बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव की शुरुआत संगठन सूक्त की पंक्तियों से की है।
क्या इन दोनों किताबों के बीच कोई ऐसी ऐतिहासिक और वैचारिक कड़ी है, जो स्वतंत्र भारत के निर्माण, उसकी विचार प्रक्रिया और उसके दार्शनिक विकास की कहानी को जोड़ती है?
इस संयोग की गहराई को समझने के लिए दोनों सूक्तों के संदेश पर गौर करना होगा। जब पंडित नेहरू आधुनिक भारत की नींव रखने की कल्पना कर रहे थे, तब उनके सामने एक ऐसे देश का विचार था जो अंधविश्वासों से मुक्त हो और जिसकी सोच वैज्ञानिक चेतना तथा तर्क पर आधारित हो। नासदीय सूक्त भी कुछ ऐसा ही करता है। यह सृष्टि की उत्पत्ति को लेकर सवाल उठाता है। यहां सवाल करना, संदेह करना और सत्य की तलाश करना चिंतन का आधार बन जाता है।
इसके कई दशक बाद जब सोनिया गांधी ने भारत में अपने जीवन और अपनी यात्रा को शब्दों में पिरोया, तो उन्होंने संगठन सूक्त की उन पंक्तियों को चुना, जो साथ चलने, विचारों में सामंजस्य रखने और दिलों को जोड़ने की बात करती हैं। ये भाव भारत की उस सांस्कृतिक पहचान की याद दिलाते हैं, जिसकी सबसे बड़ी ताकत उसकी विविधता और उस विविधता के बीच कायम रहने वाला आपसी मेलजोल है।
इस तरह देखें तो नेहरू की किताब भारत के तार्किक और दार्शनिक अतीत की खोज से शुरू होती है, जबकि सोनिया गांधी की किताब उसी प्राचीन विरासत के एक दूसरे पक्ष- समन्वय, सामूहिकता और अपनेपन यानी बिलॉन्गिंग की भावना- को सामने रखती है। एक सूक्त सवालों के जरिए सत्य की तलाश करता है, दूसरा साथ चलने का रास्ता दिखाता है।
यह सफर इस बात का गवाह है कि भारत को केवल भौगोलिक सीमाओं या राजनीतिक नक्शे से नहीं समझा जा सकता। भारत निरंतर चलने वाली विचार प्रक्रिया है, जिसकी जड़ें उतनी ही प्राचीन हैं जितने कि हमारे वेद। नेहरू और सोनिया गांधी की किताबों के इन दो सूक्तों का यह अनूठा संगम इस बात की पुरजोर पुष्टि करता है कि इस देश की वैचारिक विरासत तर्क और समन्वय, दोनों के मेल से ही मुकम्मल होती है।
