लाइफस्टाइल

अभिषेक की पगड़ी से लेकर नीता अंबानी की बाजू तो ईशा के ब्लाउज तक, कैसे रॉयल कलगी बनीं फैशन स्टेटमेंट, आप कैसे कर सकते हैं स्टाइल

राजे-रजवाड़ों के शाही गहनों का हिस्सा रही कलगी, बड़ा फैशन स्टेटमेंट बनकर उभरी है। अभिषेक बच्चन, ईशा और नीता अंबानी से लेकर कई सेलेब्स ने इन्हें स्टाइल किया है। जानिए आप इसे अपने लुक का हिस्सा कैसे बना सकते हैं।

Image

How Kalgi Became Royal Fashion Statement, How to Style

फैशन की सबसे खास बात यही है कि पुरानी चीजें समय के साथ बिल्कुल नए अंदाज में लौट आती हैं। पिछले कुछ सालों से रॉयल कलगी बहुत बड़ा फैशन स्टेटमेंट बनी हुई है। राजा-महाराजा तो मुगलों के जमाने और स्टाइल वाली कलगी दूल्हों की पगड़ी से लेकर सेलेब्स के ब्लाउज तक की शोभा बढ़ा रही है।ऐश्वर्या संग शादी में अभिषेक बच्चन ने कुंदन और एमरल्ड कलगी को पगड़ी पर पहनकर शाही लुक क्रिएट किया था।

टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - एक नहीं... 4-4 जूलरी ऐसे पहनिए, लेकिन दिखेंगी क्लासी!

और अब ईशा अंबानी ने इसी तरह की कलगी को अपने मेट गाला लुक में ब्लाउज के पीछे स्टाइल करके सबका ध्यान खींचा। वहीं नीता अंबानी ने एक अवॉर्ड समारोह में इसे बाजूबंद की तरह पहनकर दिखाया कि विरासत में मिले गहने आज के फैशन में भी कितने खूबसूरत लग सकते हैं। यह सिर्फ एक ज्वेलरी पीस नहीं, बल्कि इस बात का उदाहरण है कि एक ही गहना अलग-अलग अंदाज में नई पहचान बना सकता है।

राजाओं की शान थी कलगी

कलगी का इतिहास कई सौ साल पुराना माना जाता है। पहले इसे राजा-महाराजा और दूल्हे अपनी पगड़ी पर पहनते थे। यह केवल आभूषण नहीं, बल्कि सम्मान, वैभव और शाही पहचान का प्रतीक भी माना जाता था। समय बदला, लेकिन इसकी खूबसूरती कभी पुरानी नहीं हुई।

तीन मौके, एक ज्वेलरी पीस और तीन बिल्कुल अलग स्टाइल

रॉयल कलगी की सबसे दिलचस्प बात यही है कि हर किसी ने इसे अपनी पसंद के अनुसार नया रूप दिया।

  • अभिषेक बच्चन ने अपनी शादी में इसे पारंपरिक तरीके से पगड़ी पर पहनकर क्लासिक शाही दूल्हे का लुक चुना।
  • ईशा अंबानी ने मेट गाला में इसी तरह की ज्वेलरी को ब्लाउज के बैक पर लगाया, जिससे उनकी पूरी ड्रेस का लुक अलग और यादगार बन गया।
  • नीता अंबानी ने एक अवॉर्ड समारोह में शाहजहां के शाही आभूषणों का हिस्सा रही, इस 200 साल पुरानी कलगी को बाजूबंद की तरह स्टाइल किया।

आज का फैशन बेशक ही केवल नए कपड़े खरीदने का नाम नहीं है। कई बार पुराने गहनों को नए तरीके से पहनना ही सबसे अलग लुक देता है। यही वजह है कि हेरिटेज ज्वेलरी आज फिर से ट्रेंड में है। पुराने ट्रंक में रखे पुश्तैनी गहने भी थोड़ी-सी क्रिएटिविटी के साथ मॉडर्न आउटफिट का हिस्सा बन सकते हैं।

आप भी ऐसे कर सकते हैं स्टाइल

अगर आपके घर में पुरानी ब्रोच, कलगी या किसी हार का बड़ा पेंडेंट रखा है, तो उसे सिर्फ लॉकर तक सीमित न रखें। आप उसे अलग-अलग तरीकों से पहन सकती हैं।

  • साड़ी के पल्लू पर ब्रोच की तरह लगाएं।
  • ब्लाउज के बैक डिजाइन को हाइलाइट करने के लिए इस्तेमाल करें।
  • बाजूबंद या बेल्ट एक्सेसरी के रूप में पहनें।
  • दुपट्टे या जैकेट पर स्टेटमेंट पीस बनाएं।
  • दूल्हे की साफा या पगड़ी में पारंपरिक अंदाज में लगाएं।

आज के दौर में विंटेज कपड़ों से लेकर ज्वेलरी तक का ट्रेंड चल रहा है। और बेशक ही कभी-कभी अलमारी में रखा एक पुराना गहना भी आपकी पूरी ड्रेस का सबसे आकर्षक हिस्सा बन सकता है। रॉयल कलगी इसका बेहतरीन उदाहरण है। जिस आभूषण को कभी सिर्फ शाही पगड़ी तक सीमित माना जाता था, वही आज रेड कार्पेट, फैशन इवेंट और खास मौकों पर नए रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक जीवनशैली से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें युवा और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article