लाइफस्टाइल

टी लवर हैं Rajpal Yadav, रोज पीते हैं 12-13 कप चाय – डॉक्टर से जानिए कैसे-कैसे सेहत को पहुंचाती है नुकसान

Rajpal Yadav Tea Habit: हाल ही में कर्ली टेल्स (Curly Tales) को दिए एक इंटरव्यू में अभिनेता राजपाल यादव की पत्नी राधा यादव ने बताया कि एक्टर दिन में 12-13 कप चाय पी जाते हैं। जानिए सेहत पर इसका असर।

Image

राजपाल यादव की चाय पीने की आदत कितनी सुरश्रित है (PC - IG)

Rajpal Yadav Tea Habit: हम में से ज्यादातर लोगों की सुबह चाय से ही शुरू होती है। ऑफिस का काम हो, दोस्तों से मुलाकात हो या थकान दूर करनी हो, चाय हर मौके पर साथ देती है। लेकिन जब बात जरूरत से ज्यादा चाय पीने की आती है, तो डॉक्टर थोड़ी सावधानी बरतने की सलाह देते हैं। हाल ही में कर्ली टेल्स (Curly Tales) में अभिनेता राजपाल यादव पत्नी राधा यादव ने खुलासा किया कि एक्टर दिन में करीब 12-13 कप चाय पीते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि चाय पीना गलत नहीं है, लेकिन इसकी मात्रा ज्यादा होने पर शरीर पर कुछ नकारात्मक असर पड़ सकते हैं। आइए डॉक्टर के नजरिए से समझते हैं कि ज्यादा चाय पीना कितना सही है।

ज्यादा चाय से शरीर में बढ़ सकती है कैफीन की मात्रा

अमृता अस्पताल फरीदाबाद के सीनियर कंसल्टेंट डॉक्टर और इंटरनल मेडिसिन एक्पर्ट डॉ. मोहित शर्मा बताते हैं कि चाय में कैफीन होता है, जो शरीर को एक्टिव रखने में मदद करता है। इसी वजह से चाय पीने के बाद थोड़ी ताजगी महसूस होती है। लेकिन अगर दिनभर में कई कप चाय पी ली जाए, तो शरीर में कैफीन ज्यादा हो सकता है। ज्यादा कैफीन लेने से सिर दर्द, घबराहट या बेचैनी जैसी परेशानी हो सकती है। इसलिए चाय पीते समय मात्रा का ध्यान रखना जरूरी होता है।

नींद और मानसिक शांति पर पड़ सकता है असर

डॉ. मोहित शर्मा के अनुसार ज्यादा चाय पीने से नींद प्रभावित हो सकती है। खासकर शाम या रात के समय ज्यादा चाय पीने से नींद देर से आती है या बार-बार खुल सकती है। जब नींद पूरी नहीं होती, तो अगला दिन भी थकान और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है। लंबे समय तक ऐसा होने पर मानसिक तनाव भी बढ़ सकता है।

आयरन के अवशोषण में आ सकती है कमी

एक्सपर्ट्स के मुताबिक चाय में मौजूद टैनिन शरीर में आयरन के अवशोषण को कम कर सकता है। अगर खाने के तुरंत बाद चाय पीने की आदत हो, तो शरीर को जरूरी पोषण पूरी तरह नहीं मिल पाता। जिन लोगों में पहले से ही आयरन की कमी है, उन्हें खासतौर पर ज्यादा चाय पीने से बचने की सलाह दी जाती है।

पेट से जुड़ी समस्या भी बढ़ सकती है

कुछ लोगों को ज्यादा चाय पीने से गैस, एसिडिटी या पेट में जलन महसूस हो सकती है। डॉक्टर बताते हैं कि खाली पेट चाय पीना कई बार पाचन के लिए सही नहीं माना जाता। दिनभर में बार-बार चाय पीने से पेट पर अतिरिक्त दबाव पड़ सकता है, जिससे असहजता बढ़ सकती है।

एक दिन में कितनी चाय पीना सही माना जाता है

डॉ. मोहित शर्मा मानते हैं कि हर व्यक्ति की बॉडी अलग तरह से रिएक्ट करती है, लेकिन सामान्य तौर पर 2-3 कप चाय सुरक्षित मात्रा मानी जाती है। अगर कोई व्यक्ति इससे ज्यादा चाय पीता है, तो उसे अपने शरीर के संकेतों पर ध्यान देना चाहिए। अगर नींद, पाचन या बेचैनी जैसी समस्या महसूस हो, तो चाय की मात्रा कम करना बेहतर रहता है।

संतुलन बनाकर पीना ही सबसे सही तरीका

डॉक्टरों की सलाह है कि चाय पूरी तरह छोड़ने की जरूरत नहीं है, लेकिन लिमिट में पीना जरूरी है। कोशिश करें कि खाली पेट चाय न पिएं और दिनभर में पानी भी पर्याप्त मात्रा में लें। सही बैलेंस बनाकर चाय पीने से स्वाद भी बना रहता है और सेहत पर भी ज्यादा असर नहीं पड़ता।

राजपाल यादव की तरह 12-13 कप चाय पीना हर किसी के लिए सही नहीं माना जा सकता। सीमित मात्रा में चाय पीना बेहतर है, ताकि सेहत भी ठीक रहे और चाय का मजा भी बना रहे।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article