हेल्थ

हेल्दी समझ अनजाने में कहीं आप तो नहीं खा रहे हैं ये चीजें, इनमें छिपा सोडियम दिल को पहुंचा सकता है नुकसान

Hidden Sodium Foods In Hindi: क्या आप जानते हैं नियमित ज्यादा सोडियम का सेवन धीरे-धीरे दिल को नुकसान पहुंचाता है? कई ऐसे फूड हैं जिन्हें हम हेल्दी समझकर खाते हैं, लेकिन उनमें छिपा सोडियम सेहत के लिए खतरा है।

Image

इन फूड्स में छिपा होता है भरपूर सोडियम

Hidden Sodium Foods In Hindi: हम में से ज्यादातर लोग यही सोचते हैं कि हम ज्यादा नमक नहीं खाते, क्योंकि हम खाने में ऊपर से नमक कम डालते हैं। लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि असली खतरा उस नमक से है जो हमें दिखाई ही नहीं देता। कई रोजमर्रा के फूड्स में छिपा सोडियम शरीर में धीरे-धीरे बढ़ता रहता है और हमें पता भी नहीं चलता। ज्यादा सोडियम शरीर में पानी रोकता है, जिससे ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और दिल पर दबाव पड़ता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार लंबे समय तक हाई सोडियम लेने से हार्ट डिजीज, स्ट्रोक और किडनी से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है।

प्रोसेस्ड फूड्स में छिपा होता है सबसे ज्यादा सोडियम - High Sodium Foods

डॉक्टर बताते हैं कि आजकल लोग समय बचाने के लिए पैकेज्ड और रेडी-टू-ईट फूड्स ज्यादा खाने लगे हैं। जैसे इंस्टेंट नूडल्स, पैकेज्ड सूप, सीरियल या फ्रोजन मील। इन चीजों में स्वाद और शेल्फ लाइफ बढ़ाने के लिए सोडियम मिलाया जाता है। यही कारण है कि बिना ज्यादा नमकीन लगे भी ये चीजें शरीर में नमक की मात्रा बढ़ा सकती हैं और दिल पर दबाव डाल सकती हैं।

सॉस और ड्रेसिंग से बढ़ सकता है ब्लड प्रेशर

केचप, सोया सॉस, सलाद ड्रेसिंग या रेडीमेड चटनी खाने का स्वाद बढ़ा देती हैं, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार इनमें काफी मात्रा में नमक छिपा होता है। कई बार लोग यह सोचकर ज्यादा इस्तेमाल कर लेते हैं कि यह हल्की चीज है, लेकिन धीरे-धीरे यह आपकी डेली सोडियम लिमिट को पार कर सकता है और हाई BP का कारण बन सकता है।

नमकीन स्नैक्स दिल की सेहत पर डालते हैं असर

चिप्स, नमकीन, भुजिया या सॉल्टेड ड्राई फ्रूट्स छोटी भूख में अक्सर खा लिए जाते हैं। डॉक्टरों के अनुसार यही छोटे स्नैक्स दिनभर में काफी ज्यादा सोडियम शरीर में पहुंचा देते हैं। ज्यादा नमक ब्लड वेसल्स को सख्त बना सकता है, जिससे दिल को खून पंप करने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है।

ब्रेड और बेकरी प्रोडक्ट भी बढ़ा सकते हैं सोडियम

ज्यादातर लोगों को लगता है कि ब्रेड या बिस्किट मीठे होते हैं, इसलिए इनमें नमक कम होगा। लेकिन डॉक्टर बताते हैं कि ब्रेड बनाने के दौरान नमक मिलाया जाता है, जिससे उसका स्वाद और टेक्सचर बेहतर रहता है। रोजाना ब्रेड या बेकरी प्रोडक्ट खाने से शरीर में सोडियम धीरे-धीरे बढ़ सकता है।

इन फूड्स को भी करें लिमिट

चीज और पैकेज्ड पनीर को लोग हेल्दी समझकर डाइट में शामिल करते हैं, लेकिन इन्हें सुरक्षित रखने के लिए नमक मिलाया जाता है। वहीं अचार में तो स्वाद और प्रिजर्वेशन के लिए ज्यादा नमक डाला जाता है। डॉक्टरों के अनुसार इन चीजों का ज्यादा सेवन करने से सोडियम इनटेक बढ़ सकता है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है।

हेल्थ एक्सपर्ट्स की क्या है सलाह

एक्सपर्ट्स सलाह देते हैं कि खाने के पैकेट पर सोडियम लेवल जरूर पढ़ें और कोशिश करें कि ताजा घर का बना खाना ज्यादा खाएं। खाने में स्वाद बढ़ाने के लिए नमक की जगह नींबू, मसाले और हर्ब्स का इस्तेमाल किया जा सकता है। छोटे-छोटे बदलाव करके दिल को लंबे समय तक हेल्दी रखा जा सकता है।

अगर आप सच में दिल को स्वस्थ रखना चाहते हैं, तो सिर्फ ऊपर से डाला नमक ही नहीं, बल्कि छिपे हुए सोडियम पर भी ध्यान देना जरूरी है। छोटी सावधानी आगे चलकर बड़ी बीमारी से बचा सकती है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article