घर में रोज स्टील प्लेट, मेहमान आएं खास डिनर सेट; आखिर लोग क्यों बचाकर रखते हैं अपनी सबसे अच्छी क्रॉकरी?

यह महज बर्तनों की पसंद-नापसंद का मामला नहीं है। इसके भीतर भारतीय परिवारों की एक पूरी सामाजिक सोच, पुरानी आदतें और रिश्तों की बारीक बुनावट छिपी हुई है।

ज्यादातर भारतीयों के घर में कम से कम एक ऐसी अलमारी जरूर होगी, जिसके दरवाजे रोज नहीं खुलते। उसके ऊपर वाले खाने में कभी चमचमाता डिनर सेट दुबका बैठा होता है, तो कभी शादी में मिला नाजुक क्रॉकरी सेट या फिर स्टील के ऐसे गिलास, जिन पर वक्त की एक भी खरोंच नहीं पड़ी होती। घर के लोग रोजाना घिसी-पिटी थालियों और साधारण बर्तनों में निवाला तोड़ लेंगे, लेकिन जैसे ही दरवाजे पर मेहमान की दस्तक सुनाई देती है या किसी के आने की खबर मिलती है, वही खास बर्तन बाहर निकल आते हैं।

Dinner set

आखिर लोग क्यों बचाकर रखते हैं अपनी सबसे अच्छी क्रॉकरी? (Photo: iStock)

मजे की बात यह है कि यह महज बर्तनों की पसंद-नापसंद का मामला नहीं है। इसके भीतर भारतीय परिवारों की एक पूरी सामाजिक सोच, पुरानी आदतें और रिश्तों की बारीक बुनावट छिपी हुई है।

अपने लिए साधारण, मेहमान के लिए खास

बचपन से हमने अपने घरों में यह दृश्य बार-बार देखा है। परिवार के सदस्य डेली यूज वाली थाली में खाना खाते हैं, मगर मेहमान के लिए सबसे साफ और सुंदर प्लेट निकाली जाती है। चाय भी उसी प्याले में परोसी जाती है, जो बाकी दिनों में अलमारी के भीतर कैद रहता है।

इसके पीछे का सबसे बड़ा कारण

हमारी संस्कृति में अतिथि का स्वागत सिर्फ पेट भरने या दो मीठे बोल बोलने तक सीमित नहीं रहा। उसके सामने घर की सबसे उम्दा चीज रखना भी सम्मान जताने का तरीका माना गया। यानी मेहमान के आगे खास क्रॉकरी सजाना परिवार की ओर से एक खामोश संदेश होता है- आप हमारे लिए खास हैं।

लोग क्या सोचेंगे वाली सोच

वैसे यह आदत सिर्फ आदर और स्नेह तक ही सिमटी नहीं है। इसके पीछे थोड़ा सा लोग क्या सोचेंगे वाला संकोच भी काम करता है। दरअसल पुराने समय के घरों में अगर मेहमान के सामने किनारी से चिपकी हुई प्लेट, घिसी थाली या खरोंच वाला गिलास आ जाए, तो मेजबान के मन में एक हिचक जागती थी कि कहीं सामने वाला घर के बारे में कोई धारणा न बना ले।

इसलिए अच्छे बर्तन सिर्फ अच्छे खाने के लिए ही नहीं, घर की साफ-सफाई, सलीके और साख को बचाए रखने के लिए भी संभालकर रखे जाते थे। वह चमचमाती प्लेट घर की मर्यादा, तौर-तरीके और हैसियत का एक छोटा सा आईना बन जाती थी।

विरासत में मिलती है संभालने की आदत

इस आदत की जड़ें पिछली पीढ़ियों की आर्थिक समझ और किफायत में भी गहराई से जुड़ी हैं। हमारे माता-पिता और दादा-दादी ने ऐसा दौर भी देखा, जब नई चीज खरीदना आज जितना आसान और आम नहीं था। घर में कोई भी अच्छी चीज आती थी, तो उसे सहजकर और संभालकर रखने की प्रवृत्ति रहती थी। त्योहार पर मिला नया कपड़ा, शादी की सौगात में आया डिनर सेट या किसी अपने की दी हुई खूबसूरत क्रॉकरी..सबको किसी खास मौके के लिए अलग रख दिया जाता था।

यही सोच धीरे-धीरे घर के माहौल से होते हुए अगली पीढ़ी तक पहुंच गई। अभी क्यों इस्तेमाल करें? टूट जाएगा या खराब हो जाएगा। किसी खास दिन निकालेंगे। और वह ‘खास दिन’ अक्सर तब आता था, जब घर में मेहमान पधारने वाले होते थे।

कुछ बर्तनों में सिर्फ चीनी मिट्टी नहीं, यादें भी होती हैं

हर चमकता हुआ सेट बाजार से खरीदा हुआ सामान नहीं होता। कई बार वह शादी में मिला खास तोहफा होता है। कभी मां की पसंद से आया होता है, तो कभी नानी या दादी की अलमारी की धरोहर बनकर घर पहुंचा होता है। ऐसे बर्तनों के साथ भावनाएं और स्मृतियां जुड़ जाती हैं।

यही वजह है कि परिवार उन्हें रोजमर्रा के इस्तेमाल से दूर रखता है। मन में हमेशा यह अंदेशा बना रहता है कि कहीं प्लेट चटक न जाए, कप का हैंडल न टूट जाए या पूरे सेट का कोई एक हिस्सा गुम न हो जाए। नतीजा यह निकलता है कि घर में जिस चीज को सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है, उसी का इस्तेमाल सबसे कम हो पाता है।

End Article
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्...

End of Feed