लाइफस्टाइल

मोदी जी के फेवरेट मोरिंगा से ऐसे बनती है नूडल्स, वायरल हुई देसी चाइनीज की रेसिपी, देखें कैसे

मोरिंगा यानी सहजन के फायदे अब सिर्फ सब्जी तक सीमित नहीं रहे। इन दिनों मोरिंगा नूडल्स सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं। जानिए यह क्या है, कैसे बनती है और लोग इसे हेल्दी विकल्प क्यों मान रहे हैं।

Image

Moringa Noodles Recipe in Hindi (AI Image)

आजकल हेल्दी खाने का ट्रेंड तेजी से बढ़ रहा है। लोग हर रोज कोई न कोई ऐसी नई रेसिपी की तलाश करते हैं, जो स्वादिष्ट और हेल्दी हो। इसी बीच मोरिंगा नूडल्स सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में हैं। मोरिंगा, जिसे हिंदी में सहजन कहा जाता है, लंबे समय से भारतीय रसोई और आयुर्वेद का हिस्सा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई मौकों पर मोरिंगा के पोषण संबंधी गुणों का जिक्र कर चुके हैं। अलग अलग तरीके से मोरिंगा का यूज किया जाता है।

अब इसी मोरिंगा से बनी नूडल्स लोगों का ध्यान खींच रही हैं। सामान्य मैदे वाली नूडल्स की तुलना में मोरिंगा नूडल्स को अधिक पौष्टिक माना जाता है क्योंकि इनमें मोरिंगा पाउडर या मोरिंगा की पत्तियों का उपयोग होता है। यही वजह है कि हेल्थ कॉन्शियस लोग इसे अपने खाने में शामिल करने लगे हैं। आप भी अपनी डाइट में इसे शामिल कर सकते हैं, देखें कैसे ?

क्या होती हैं मोरिंगा नूडल्स?

मोरिंगा नूडल्स ऐसी नूडल्स होती हैं जिनके आटे में मोरिंगा की सूखी पत्तियों का पाउडर मिलाया जाता है। इससे नूडल्स का रंग हल्का हरा दिखाई देता है और एक्स्ट्रा पोषण भी एड ऑन हो जाता है। गर्मी की छुट्टियों में बच्चों को कुछ हेल्दी और स्वादिष्ट घर पर ही बनाकर खिलाना है, तो ये वाली मोरिंगा नूडल्स बनाना बेस्ट हो सकता है।

मोरिंगा नूडल्स कैसे बनती है ?

इसे बनाने के लिए सबसे पहले 1 कप गेहूं का आटा या मल्टीग्रेन आटा लें। इसमें 1 से 2 चम्मच मोरिंगा पाउडर और थोड़ा नमक मिलाएं। अब पानी की मदद से सख्त आटा गूंध लें। आटे को 15 मिनट के लिए ढककर रख दें। इसके बाद इसे बेलकर नूडल्स कटर या चाकू की मदद से पतली-पतली स्ट्रिप्स में काट लें। चाहें तो तैयार नूडल्स को कुछ मिनट धूप में सुखा भी सकते हैं।

अब एक बर्तन में पानी उबालें और नूडल्स को 3 से 4 मिनट तक पकाएं। दूसरी ओर एक पैन में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें लहसुन, प्याज, गाजर, शिमला मिर्च, कॉर्न या अपनी पसंद की सब्जियां डालकर हल्का भून लें। फिर उबली हुई मोरिंगा नूडल्स इसमें मिलाएं। स्वादानुसार काली मिर्च, नमक और हल्का सोया सॉस डालकर अच्छी तरह टॉस करें। और बस आपकी गरमा-गरम मोरिंगा नूडल्स तैयार हैं। स्वाद और सेहत वाली ये नूडल्स बच्चों से लेकर बड़ों को भी काफी पसंद आने वाली है।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article