अगर आपके भी घर में कॉकरोचों का आतंक मचा हुआ है, तो जान लीजिए कि, कॉकरोच सिर्फ गंदगी से नहीं आते हैं। बल्कि इसके पीछे कुछ खास स्मेल भी होती है। कॉकरोच इंसानों की तरह खाने को देखकर नहीं, बल्कि उसकी महक को महसूस करके वहां तक पहुंचते हैं। उनकी सूंघने की क्षमता इतनी तेज होती है कि वे बहुत हल्की गंध भी पकड़ लेते हैं।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - घर की सफाई करते समय छींक क्यों आती है
इसलिए कई बार साफ चमचमाते किचन में भी आपको कॉकरोच देखने को मिल जाएंगे। असल वजह अक्सर हमारी रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें होती हैं। अगर आप भी बिना हर हफ्ते स्प्रे छिड़के घर को कॉकरोच से दूर रखना चाहते हैं, तो पहले यह समझना जरूरी है कि आखिर कौन-सी खुशबुएं उन्हें सबसे ज्यादा आकर्षित करती हैं।
किस सुंगध से आते हैं कॉकरोच, What Smell Attracts Cockroach
1. मीठी चीजों की खुशबू
कॉकरोच को मीठा बहुत आकर्षित करता है। चीनी, गुड़, शहद, जैम, केक, मिठाई या मीठे पेय की हल्की खुशबू भी उन्हें अपनी ओर खींच सकती है। अगर चीनी का डिब्बा खुला रह जाए या मीठा सिरप किचन स्लैब पर गिर जाए, तो यह उनके लिए आसान संकेत बन जाता है।
2. बचा हुआ खाना
बहुत से लोग सोचते हैं कि सिर्फ ताजा खाना ही कॉकरोच को आकर्षित करता है। जबकि सच्चाई यह है कि बची हुई दाल, चावल, रोटी के छोटे टुकड़े या सिंक में पड़े गंदे बर्तन भी उनके लिए पर्याप्त होते हैं। यही कारण है कि रात में किचन साफ करके सोना एक अच्छी आदत मानी जाती है।
3. तेल और तड़के की महक
खाना बनाने के बाद गैस के आसपास जमी चिकनाई, तेल की बूंदें या मसालों की महक भी कॉकरोच को आकर्षित कर सकती है। अगर गैस स्टोव और चिमनी की नियमित सफाई न हो, तो वहां खाने की गंध लंबे समय तक बनी रहती है।
4. फल और सब्जियां
ज्यादा पके हुए केले, आम, सेब या कटे हुए फल अगर लंबे समय तक खुले पड़े रहें, तो उनकी मीठी गंध कॉकरोच को आकर्षित कर सकती है। इसलिए फलों को खुला छोड़ने की बजाय सही तरीके से स्टोर करना बेहतर होता है।
5. पालतू जानवरों का खाना
अगर आपके घर में डॉग या कैट है और रातभर उनका खाना कटोरी में पड़ा रहता है, तो यह भी कॉकरोचों के लिए भोजन का आसान स्रोत बन सकता है। सोने से पहले पेट फूड की कटोरी साफ कर देना बेहतर है।
कॉकरोच से बचने के लिए क्या करें
- रात में सिंक खाली करके सोएं।
- डस्टबिन का ढक्कन हमेशा बंद रखें।
- मीठी चीजों को एयरटाइट डिब्बों में रखें।
- गैस और किचन स्लैब रोज साफ करें।
- टपकते नल और पाइप की मरम्मत करवाएं।
- फर्श पर गिरे खाने के कण तुरंत साफ करें।
अगर आपके घर में कॉकरोच का प्रकोप बढ़ता जा रहा है, तो ये कुछ सामान्य वजहें हो सकती हैं। ऐसे में आप अपने घर को साफ तो रखें ही, साथ ही साथ इस तरह की खुशबू फैलने से भी बचने दें।
