लाइफस्टाइल

Janmashtami Rangoli Designs: मटकी, बांसुरी, नन्हे पैरों से मोरपंख तक, जन्माष्टमी पर इन रंगोली डिजाइंस से करें कान्हा का स्वागत

Janmashtami Rangoli Designs: जन्माष्टमी पर कान्हा के पदचिह्न, मोरपंख, बांसुरी, दही-हांडी और माखन की मटकी वाले आसान रंगोली डिजाइन बनाएं। देखें सुंदर और आसान जन्माष्टमी रंगोली डिजाइंस।

Image

जन्माष्टमी पर रंगोली से बढ़ाएं रौनक, कान्हा के स्वागत में बनाएं ये सुंदर और आसान डिजाइंस

Janmashtami Rangoli Designs: जन्माष्टमी की सजावट में झूला है। फूल हैं। रंग-बिरंगी लाइट्स हैं और सुंदर पोशाक में सजे लड्डू गोपाल भी। अब बस घर के दरवाजे या पूजा वाले कोने के सामने एक प्यारी-सी रंगोली इस सजावट की रौनक को दोगुना कर देगी।

कान्हा के छोटे पदचिह्न, मोरपंख, बांसुरी या माखन की मटकी जैसे छोटे प्रतीक भी त्योहार की रंगोली का पूरा रंग जमा देते हैं। अच्छी बात यह है कि ये डिजाइन कम जगह में बन जाते हैं और इन्हें तैयार करने में बहुत समय भी नहीं लगता। अगर रंगोली बनाने में आपका हाथ बहुत साफ नहीं है, तब भी परेशान होने की जरूरत नहीं। चॉक, कटोरी, चूड़ी और पेपर स्टैंसिल की मदद से आप खूबसूरत डिजाइन बना सकती हैं। यहां देखिए

जन्माष्टमी के आसान और लेटेस्ट रंगोली डिजाइंस 2026

कान्हा के छोटे पदचिह्न वाली रंगोली

घर में श्रीकृष्ण के आगमन का भाव दिखाने के लिए नन्हे पैरों वाली रंगोली सबसे प्यारा विकल्प है। मुख्य दरवाजे से पूजा घर की ओर जाते छोटे-छोटे पदचिह्न बनाएं। इन्हें सफेद, नीले या लाल रंग से भरा जा सकता है।

जन्माष्टमी रंगोली में बनाएं कान्हा के सुंदर नन्हे पैर

जन्माष्टमी रंगोली में बनाएं कान्हा के सुंदर नन्हे पैर

पैरों के चारों ओर पीले और गुलाबी रंग की छोटी बिंदियां बनाएं। डिजाइन को थोड़ा और खास बनाना हो तो आखिरी पदचिह्न के पास एक छोटा मोरपंख या मटकी बना दें। बच्चों को भी इस रंगोली को बनाने में शामिल किया जा सकता है।

मोरपंख और बांसुरी रंगोली डिजाइन

श्रीकृष्ण की बांसुरी और मोरपंख जन्माष्टमी की पहचान हैं। दरवाजे या मंदिर के सामने तिरछी बांसुरी बनाएं। उसके एक सिरे पर बड़ा मोरपंख और दूसरे सिरे पर फूलों की छोटी बेल तैयार करें।

जन्माष्टमी स्पेशल रंगोली डिजाइन

जन्माष्टमी स्पेशल रंगोली डिजाइन

मोरपंख में नीले, हरे और पीले रंग का इस्तेमाल करें। बांसुरी के लिए पीला या सुनहरा रंग अच्छा लगेगा। आउटलाइन सफेद रंग से बनाने पर डिजाइन अधिक साफ दिखाई देगा। छोटी जगह के लिए केवल एक मोरपंख और आधी बांसुरी भी काफी है।

माखन की मटकी वाली आसान रंगोली

बाल गोपाल की नटखट छवि सजावट में लानी हो तो माखन की मटकी वाली रंगोली बनाएं। पहले चॉक की सहायता से मटकी का आकार तैयार करें। मटकी पर लाल, पीली और हरी धारियां बनाएं। ऊपर से बाहर आता सफेद माखन और आसपास बिखरी छोटी बूंदें डिजाइन को मजेदार बना देंगी।

मटकी के पास एक छोटी बांसुरी या मोरपंख बनाया जा सकता है। यह रंगोली बच्चों के कमरे, बालकनी या जन्माष्टमी झांकी के पास खूब जमेगी।

राधा-कृष्ण नाम वाली मिनिमल रंगोली

बहुत बड़े और बारीक डिजाइन की जगह कुछ सादा बनाना चाहती हैं तो गोल घेरे के बीच ‘राधा-कृष्ण’ या ‘श्रीकृष्ण’ लिखें। घेरे के आसपास मोरपंख, फूल, बिंदियां और पत्तियां बना दें।

यह मिनिमल जन्माष्टमी रंगोली अपार्टमेंट के छोटे दरवाजे के सामने भी आसानी से बनाई जा सकती है। लिखावट को सुंदर दिखाने के लिए पहले चॉक से नाम लिख लें। उसके बाद सफेद रंग भरें और किनारों को नीले या गुलाबी रंग से उभारें।

दही-हांडी रंगोली से दिखेगा उत्सव का रंग

जन्माष्टमी की चहल-पहल दिखाने के लिए रस्सी से लटकी दही-हांडी का डिजाइन चुनें। बीच में रंगीन मटकी बनाएं और उसके दोनों ओर फूलों की लड़ियां निकालें। नीचे बांसुरी, माखन की बूंदें या नन्हे पैरों के निशान बनाए जा सकते हैं।

अगर पूरी दही-हांडी बनाना मुश्किल लगे तो पेपर पर मटकी का आकार काटकर स्टैंसिल तैयार कर लें। इसके अंदर रंग भरें और बाद में हाथ से छोटी सजावट जोड़ दें।

फूलों से बनाएं जन्माष्टमी स्पेशल रंगोली

रंगों से होने वाली गंदगी से बचना हो तो गेंदे, गुलाब और सफेद फूलों की पंखुड़ियों का इस्तेमाल करें। बीच में बांसुरी रखें और उसके चारों ओर फूलों का गोल घेरा तैयार करें। पत्तियों से मोरपंख का आकार भी बनाया जा सकता है।

पूजा के छोटे स्थान के लिए पीले गेंदे की पंखुड़ियों से गोल आकार बनाएं। बीच में दीया रखें और चार दिशाओं में छोटी-छोटी बांसुरी या पैरों की आकृति सजाएं। यह डिजाइन प्राकृतिक भी लगेगा और बाद में समेटना आसान रहेगा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें : जन्माष्टमी स्पेशल केक डिजाइंस

कान्हा के मुकुट वाली रंगोली

लड्डू गोपाल के झूले के सामने मुकुट वाली रंगोली बेहद सुंदर दिखाई देगी। पीले रंग से मुकुट का आकार बनाएं और उस पर लाल, हरी तथा नीली बिंदियों से रत्नों जैसा पैटर्न तैयार करें। मुकुट के ऊपर मोरपंख लगाएं।

पूरा चेहरा बनाने के बजाय केवल मुकुट, मोरपंख और बांसुरी का मेल रखें। इससे रंगोली आकर्षक भी बनेगी और बिगड़ने का डर भी कम रहेगा।

रंगोली को खूबसूरत बनाने के आसान टिप्स

डिजाइन बनाने से पहले फर्श को अच्छी तरह साफ और सूखा लें। शुरुआत हमेशा चॉक की हल्की आउटलाइन से करें। गोल आकार बनाने के लिए प्लेट, कटोरी या चूड़ी की मदद लें। रंग सीधे उड़ेलने के बजाय चम्मच या पेपर कोन से भरें।

बहुत सारे रंग इस्तेमाल करने के बजाय नीला, पीला, हरा, सफेद और गुलाबी जैसे चार-पांच रंग चुनें। रंगोली के चारों ओर छोटे दीये या फूल रखे जा सकते हैं, लेकिन पर्दे और बिजली के तारों से सुरक्षित दूरी जरूर रखें।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article