होली खेलने से पहले बालों में तेल लगाएं या नहीं: होली रंगों, खुशियों और उमंग का त्योहार है, लेकिन यह बालों के लिए चुनौती भी बन सकता है। बाजार में मिलने वाले रंगों में कई तरह के केमिकल्स होते हैं, जो स्कैल्प और स्ट्रैंड्स को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे बचने के लिए लोग कई तरह के उपाय करते हैं। ऐसा ही एक उपाय है बालों में तेल लगाना। लेकिन क्या रंग खेलने से पहले बालों में तेल लगाना सही है?
क्या होली खेलने से पहले बालों में तेल लगाना ठीक है? (Photo: iStock)
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
होली के रंगों में मौजूद हार्श पिगमेंट और रसायन बालों की प्राकृतिक नमी को छीन सकते हैं। ये रंग बालों को रूखा, भुरभुरा और बेजान बना सकते हैं, खासकर अगर रंग सिंथेटिक हों। डर्मेटोलॉजिस्ट की राय में तेल बालों को रंगों के प्रभाव से बचाने में मदद कर सकता है, लेकिन इसे सही तरीके से करना जरूरी है। तेल लगाने से बालों पर एक प्रोटेक्टिव लेयर बनती है, जिससे रंग सीधे बालों और स्कैल्प से नहीं चिपक पाते। इसका असर यही होता है कि बाद में रंगों को धोना आसान हो जाता है और स्कैल्प की नमी बनी रहती है।
एक्सपर्ट्स कहते हैं कि तेल को होली खेलने से कुछ घंटे पहले लगाएं, ताकि यह बालों में अच्छी तरह से समा जाए। नारियल का तेल, बादाम का तेल या सरसों का तेल उपयोग के लिए आमतौर पर सुरक्षित माने जाते हैं। यह एक आसान और प्राकृतिक तरीका है जो बालों की रक्षा करता है और रंगों से होने वाले नुकसान को कम करने में मदद करता है।
क्या बालों में तेल लगाना काफी है
कई विशेषज्ञ यह भी कहते हैं कि तेल लगाना अकेला उपाय काफी नहीं है। इसे लगाने के अलावा बालों को बांध कर रखना, होली के बाद बालों को जल्दी से धोकर कंडीशनर लगाना भी बेहद जरूरी है। इससे रंग बालों में कम फंसेगा और टूट-फूट कम होगी।
हालांकि, यह ध्यान देना जरूरी है कि सभी के बाल और खोपड़ी की स्कैल्प टाइप अलग होती है। जिन लोगों की स्कैल्प पहले से ऑयली है या जिन्हें डैंड्रफ या किसी तरह की एलर्जी की समस्या है, उन्हें डर्मेटोलॉजिस्ट से व्यक्तिगत सलाह लेनी चाहिए, क्योंकि हर किसी को तेल का लाभ समान रूप से नहीं मिलता।
कुल मिलाकर होली से पहले बालों की ऑयलिंग करना फायदेमंद ही होता है। बशर्ते इसे सही तरीके, सही समय और ध्यान से किया जाए। इससे आप रंगों का मजा लेते हुए भी अपने बालों की सेहत को सुरक्षित रख सकते हैं।
