लाइफस्टाइल

1 चुटकी में भूल जाएंगे पैकेट वाले Maggi मसाला का स्वाद, घर पर यूं बनाएं देसी होममेड मैगी मैजिक मसाला

बाजार जैसा मैगी मैजिक मसाला आप घर पर भी आसानी से तैयार कर सकते हैं। कुछ आम मसालों और आसान स्टेप्स की मदद से बनाएं ऐसा होममेड मैजिक मसाला, जो हर स्नैक का स्वाद बढ़ा देगा। देखें मैगी मसाला रेसिपी।

Image

Homemade Maggi Masala Recipe

मैगी का नाम सुनते ही सबसे पहले उसके खास मसाले का स्वाद याद आता है। यही वजह है कि कई लोग सिर्फ नूडल्स ही नहीं, बल्कि सैंडविच, पास्ता, फ्रेंच फ्राइज तो देसी सब्जियों में भी मैगी मैजिक मसाला छिड़कना पसंद करते हैं। हालांकि बाजार में मिलने वाले रेडीमेड मसालों में कई बार प्रिजर्वेटिव मौजूद होते हैं। ऐसे में अगर वही चटपटा और खुशबूदार स्वाद घर पर मिल जाए तो बात ही अलग है।

किचन के कुछ साधारण मसालों और थोड़ी सी मेहनत से आप घर पर ही एक स्वादिष्ट मैजिक मसाला तैयार कर सकते हैं। इस मसाले की खासियत यह है कि इसमें भुने हुए साबुत मसालों की खुशबू, लहसुन-प्याज का फ्लेवर और हल्का खट्टा-तीखा स्वाद एक साथ मिलता है। इसे बनाकर एयरटाइट डिब्बे में कई हफ्तों तक स्टोर भी किया जा सकता है। देखें घर पर मैगी मैजिक मसाला कैसे बनाते हैं, रेसिपी इन हिंदी।

किन चीजों की पड़ेगी जरूरत?

इस मसाले को बनाने के लिए धनिया, जीरा, सौंफ, मेथी, काली मिर्च, सूखी अदरक, लौंग, बड़ी और छोटी इलायची, मूंगफली, दालचीनी और तेजपत्ता जैसे साबुत मसालों का इस्तेमाल किया जाता है। इसके अलावा कश्मीरी लाल मिर्च, हल्दी, अमचूर, लहसुन पाउडर, प्याज पाउडर, कॉर्नफ्लोर, गेहूं का आटा, चीनी और नमक भी मिलाया जाता है। चाहें तो स्वाद को और करीब लाने के लिए थोड़ी मात्रा में एमएसजी यानि अजिनोमोटो भी डाल सकते हैं।

मसालों को भूनना है सबसे जरूरी

सबसे पहले सभी साबुत मसालों को धीमी आंच पर सूखा भून लें। इस प्रक्रिया में जल्दबाजी न करें, क्योंकि असली स्वाद और खुशबू यहीं से आती है। जब मसालों से अच्छी महक आने लगे तो गैस बंद कर दें और उन्हें पूरी तरह ठंडा होने दें।

तैयार करें फाइन पाउडर

ठंडे हो चुके मसालों को मिक्सर में डालकर बारीक पीस लें। कोशिश करें कि मिश्रण एकदम स्मूद पाउडर में बदल जाए ताकि मसाला हर डिश में आसानी से घुल-मिल सके।

अब मिलाएं बाकी सामग्री

पिसे हुए मसालों में लाल मिर्च, हल्दी, अमचूर, लहसुन पाउडर, प्याज पाउडर, कॉर्नफ्लोर, गेहूं का आटा, चीनी और नमक डालें। सभी चीजों को एक बार फिर 4 से 5 सेकंड के लिए ब्लेंड कर लें ताकि मिश्रण अच्छी तरह मिल जाए। और बस मैगी मसाला तैयार है, इस मसाले को आप करीब 6 महीने तक एयरटाइट डिब्बे में स्टोर कर सकते हैं। मैगी, पास्ता तो किसी भी सब्जी के साथ खा सकते हैं।

Avni Bagrola
अवनी बागरोला author

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और आधुनिक... और देखें

End of Article