बालों की देखभाल के लिए हम शैंपू, कंडीशनर, हेयर मास्क और सीरम तक बदलते रहते हैं। हालांकि जिस चीज का इस्तेमाल रोज बालों में करते हैं, उस पर हमारा ध्यान ही नहीं जाता। हम बात कर रहे हैं हेयरब्रश की। एक ही ब्रश महीनों या सालों तक चलता रहता है। उसमें बाल फंसते रहते हैं। तेल, धूल और हेयर प्रोडक्ट्स की परत जमती रहती है। फिर भी हम उसे बदलने के बारे में नहीं सोचते। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि हमें पता ही नहीं होता है कि पुराना या खराब ब्रश बालों को नुकसान पहुंचा सकता है।
जानिए कब बदल लेना चाहिए हेयर ब्रश (Photo: iStock)
हेयरब्रश को कितने समय बाद बदलना चाहिए, इसका कोई तय नियम नहीं है। यह ब्रश की क्वालिटी, उसके मटेरियल, इस्तेमाल और उसकी देखभाल पर निर्भर करता है। फिर भी कुछ संकेत ऐसे हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए:
ब्रिसल्स का टूटना या मुड़ना
ब्रश के ब्रिसल्स यानी उसके दांत टूट गए हैं, मुड़ गए हैं या जगह-जगह से घिस गए हैं तो सावधान हो जाइए। ऐसे ब्रिसल्स बालों में आसानी से फंस सकते हैं और उन्हें खींच सकते हैं। अगर ब्रश बालों में आसानी से चलने के बजाय बार-बार अटक रहा है, तो यह उसे बदलने का समय हो सकता है। खराब ब्रिसल्स बालों को सुलझाने के बजाय उनमें उलझन बढ़ा सकते हैं।
बाल सुलझाने में ज्यादा जोर लगना
अगर पहले आपका ब्रश बालों में आसानी से चल जाता था, लेकिन अब उसे चलाने के लिए ज्यादा खींचना पड़ता है, तो इसकी वजह ब्रश भी हो सकता है। खासकर अगर ब्रश के दांतों की लंबाई अलग-अलग हो गई है या कई ब्रिसल्स टूट चुके हैं, तो बाल ज्यादा खिंच सकते हैं। इससे ब्रश करना असहज हो सकता है और बाल टूटने का खतरा बढ़ सकता है।
ब्रश पर गंदगी की जमा होना
हमारे बालों और सिर की त्वचा से निकलने वाला तेल, त्वचा की मृत कोशिकाएं, धूल और हेयर स्प्रे जैसे प्रोडक्ट ब्रश पर जमा होते रहते हैं। इसलिए ब्रश की नियमित सफाई जरूरी है। अगर सफाई के बाद भी ब्रश के ब्रिसल्स के बीच गंदगी की मोटी परत चिपकी रहती है और उसे हटाना मुश्किल हो जाता है, तो नया ब्रश लेना बेहतर है।
ब्रश से बदबू आना
ब्रश को साफ करने के बाद भी अगर उससे बदबू आती है, उसमें गंदगी दिखाई देती है या सफाई करते समय उसका कोई हिस्सा टूटने लगता है, तो उसे इस्तेमाल करना बंद कर देना चाहिए। ब्रश की सफाई करते समय पहले उसमें फंसे बाल निकालें। इसके बाद ब्रश के मटेरियल के हिसाब से हल्के साबुन या शैंपू और गुनगुने पानी से साफ किया जा सकता है।
कुशन या बेस का टूटना
अगर आप पैडेड या कुशन वाले हेयरब्रश का इस्तेमाल करते हैं, तो उसके बेस को भी देखते रहें। उसमें दरार आ गई है, मटेरियल निकलने लगा है या कुशन खराब हो गया है तो ब्रश बदल दें। खराब कुशन ब्रश के बालों में सही तरीके से चलने में परेशानी पैदा कर सकता है। साथ ही ऐसे ब्रश को साफ करना भी मुश्किल हो जाता है।
कितने समय बाद खरीदें नया ब्रश?
हेयरब्रश को हर छह महीने या हर साल बदलने का कोई पक्का नियम नहीं है। अगर ब्रश अच्छी क्वालिटी का है, नियमित रूप से साफ किया जाता है और उसके ब्रिसल्स सही हालत में हैं तो वह लंबे समय तक चल सकता है।
वहीं अगर ब्रश टूटने लगा है, बाल खींच रहा है या साफ करने के बावजूद गंदा और बदबूदार रहता है, तो कैलेंडर देखने की जरूरत नहीं है। ऐसे संकेत मिलते ही उसे बदल देना चाहिए।
साल 2026 की एक रिसर्च रिपोर्ट में भी इस बात पर ध्यान दिया गया कि गलत ब्रश या खराब ब्रश से बार-बार बालों को ब्रश करने से हेयर फाइबर में टूट-फूट बढ सकती है। इसलिए अगली बार बालों को दोष देने से पहले अपना ब्रश जरूर देखिए। हो सकता है आपके बालों की परेशानी का कारण शैंपू नहीं, बल्कि पुराना हेयरब्रश हो।
