तेज धूप, गर्म हवाएं और लगातार बढ़ता तापमान कई पौधों को जला देता है और कई पौधे मुरझा जाते हैं। लेकिन इस चुभती गर्मी में भी कुछ पेड़ जैसे हैं, जो सुंदर फूलों से लदे रहते हैं। ऐसा ही पेड़ गुड़हल (Hibiscus) का है, जिसके पीले, लाल, गुलाबी फूल बेहद सुंदर नजर आते हैं। अगर आप भी अपने घर में गुड़हल का सुंदर सा पेड़ लगाना चाहते हैं। या आपके घर गुड़हल का पेड़ लगा हुआ है, और गर्मी में मुरझा रहा है। तो जान लीजिए कि, गर्मी में सही पानी, पोषण और देखभाल कर हरा-भरा, फूलों से लदा पेड़ उग सकता है। देखें वे आसान गार्डनिंग टिप्स, जिनकी मदद से आपका गुड़हल भी पूरे सीजन खिलखिलाता रहेगा।
यह भी पढ़ें - महंगा पेंट नहीं, अब लगाएं सस्ता-सुंदर-स्टाइलिश वॉलपेपर
सुबह-सुबह दें पानी
गर्मियों में गुड़हल को सुबह जल्दी पानी देना सबसे अच्छा माना जाता है। इससे जड़ों को दिनभर नमी मिलती रहती है और पौधा तेज धूप में भी झुलसता नहीं है।
धूप जरूरी है, लेकिन संतुलित
गुड़हल को फूल देने के लिए धूप चाहिए, लेकिन दोपहर की बेहद तेज धूप कभी-कभी नुकसान पहुंचा सकती है। यदि तापमान बहुत ज्यादा हो तो पौधे को ऐसी जगह रखें जहां उसे सुबह की धूप और शाम हल्की छाया मिले।
घर की खाद का इस्तेमाल
हर 15 से 20 दिन में गोबर की खाद, वर्मीकम्पोस्ट या घर में बनी खाद डालने से पौधे को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं। इससे नई कलियां तेजी से विकसित होती हैं।
मिट्टी में नमी बनाए रखें
गर्मी में मिट्टी जल्दी सूख जाती है। पौधे के आसपास सूखी पत्तियां या नारियल की भूसी बिछाने से नमी लंबे समय तक बनी रहती है और जड़ों को गर्मी से बचाव मिलता है।
एप्सम सॉल्ट का कर सकते हैं उपयोग
महीने में एक बार थोड़ी मात्रा में एप्सम सॉल्ट देने से पौधे को मैग्नीशियम मिलता है, जो पत्तियों को हरा और फूलों को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
समय समय पर सूखे फूल और पत्तियां हटाते रहे। साथ ही हमेशा ऐसा गमला चुनें जिसमें एक्स्ट्रा पानी आसानी से बाहर निकल सके, नहीं तो जड़े गल जाएंगी। थोड़ी सी देखभाल और सही पोषण के साथ गुड़हल का पौधा भीषण गर्मी में भी आपकी बालकनी या बगीचे को रंग-बिरंगे फूलों से भर सकता है।
