लाइफस्टाइल

इस पेस्ट से करें घर के फर्नीचर की सफाई, फिर से आएगी नई पॉलिश वाली चमक

How To: फर्नीचर की शाइन कम हो रही है तो यहां जानें कि कैसे आसान तरीके से इसे वापस नए जैसा बना सकते हैं। और वो भी बिना केमिकल क्लीनर के।

Image

फर्नीचर को चमकदार बनाए रखने के टिप्स

How To: हम सभी अपने घर की बेहतरीन तरीके से सफाई करना चाहते हैं और इसके लिए केमिकल्स पर भरोसा करते हैं। लेकिन अपने घर की सफाई करने का मतलब हमेशा हार्ड केमिकल्स का इस्तेमाल करना नहीं होता है। अगर आप चाहें तो नेचुरल तरीके से भी अपने घर की साफ-सफाई कर सकते हैं और साथ ही साथ उसे महका भी सकते हैं। आमतौर पर इन दाग-धब्बों को हटाने और फर्नीचर को चमकाने के लिए लोग बाजार से क्लीनर खरीद कर लाते हैं। लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि आप पानी में कुछ चीजों को मिलाकर गंदे से गंदे फर्नीचर को भी बिल्कुल नए जैसा चमका सकती हैं। यहां जानें कि फर्नीचर चमकाने का पेस्ट घर पर कैसे बनाएं।

सामग्री

  • 2-3 चम्मच सरसों का तेल
  • 1 चम्मच शैम्पू
  • आधा चम्मच बेकिंग सोडा
  • गीला और साफ कपड़ा

फर्नीचर की करें सफाई

सबसे पहले फर्नीचर की सतह पर धूल या गंदगी हटाएं। इसके लिए सूखा कपड़ा या ब्रश का इस्तेमाल करें। फिर एक कटोरे में सरसों का तेल, शैम्पू और बेकिंग सोडा मिलाएं। और अच्छी तरह से फेंटकर इसका पेस्ट तैयार करें। अब इस पेस्ट को फर्नीचर की सतह पर लगाएं और मुलायम कपड़े से हल्के हाथों से रगड़ें। इसके 5-10 मिनट बाद गीले कपड़े से पेस्ट को साफ कर दें। अंत में सूखे कपड़े से फर्नीचर को पोंछें ताकि अतिरिक्त तेल और पानी हट जाए। इस प्रक्रिया से फर्नीचर की न सिर्फ सतह साफ होगी बल्कि उसमें नई जैसी चमक भी लौट आएगी।

क्यों काम करता है यह नुस्खा

सरसों का तेल फर्नीचर की लकड़ी में नमी बनाए रखता है और खुरदरापन दूर करता है। वहीं शैम्पू में हल्के क्लीनिंग एजेंट होते हैं जो धूल और गंदगी को हटाते हैं। और बेकिंग सोडा हल्का स्क्रब का काम करता है और सतह को नुकसान पहुंचाए बिना उसका मैल साफ करता है।

इन बातों का जरूर रखें ध्यान

1. फर्नीचर की सतह पर इस पेस्ट को बहुत ज्यादा देर तक न छोड़ें, वरना तेल चिपचिपा भी हो सकता है।

2. दो हफ्ते में एक बार यह प्रक्रिया करने से फर्नीचर हमेशा साफ और चमकदार रहेगा।

3. सिर्फ लकड़ी के फर्नीचर पर ही इस नुस्खे का प्रयोग करें, प्लास्टिक या मेटल पर अलग उपाय अपनाएं।

फर्नीचर को चमकदार बनाए रखने के टिप्स

लकड़ी के फर्नीचर को नया जैसा बनाए रखना मुश्किल नहीं है। रोज की हल्की सफाई, सस्ते घरेलू क्लीनर और नमी से बचाव जैसे आसान उपायों से आप अपने फर्नीचर को सालों-साल टिकाऊ बना सकते हैं, न कोई महंगा खर्च, न बड़ी मेहनत, बस थोड़ी सी समझदारी और रोजाना 5 मिनट का समय। तो अब जब भी फुर्सत मिले, अपने लकड़ी के फर्नीचर को थोड़ा प्यार और ध्यान दीजिए, वो फिर से चमक उठेगा।

यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article