Gamle mein aamla ke ped kaise ugayein: आंवले का नाम आते ही सर्दियों की याद आ जाती है। बाजार में इन दिनों ताजे आंवले मिलने लगते हैं। कोई इनका अचार बनाता है तो कोई मुरब्बा और कैंडी। लेकिन अगर आपको बाजार से आंवला खरीदने के बजाय घर में ही ताजे फल मिल जाएं तो कैसा रहेगा? इसके लिए आपको बड़े बगीचे या खेत की जरूरत नहीं है। आप अपनी छत, बालकनी या आंगन में बड़े गमले में भी आंवले का पेड़ उगा सकते हैं।
घर में कैसे उगाएं 'देवफल', कितनी धूप और खाद में सही बढ़ेगा आंवले का पौधा
गार्डनिंग क्रिएटर पंकज कुमार मौर्य ने अपने यूट्यूब चैनल 'Ghar Me Bagicha' पर गमले में आंवले का पौधा लगाने और उसकी रीपॉटिंग का तरीका बताया है। पंकज कुमार मौर्य ने चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर से कृषि में एमएससी की है। आइए जानते हैं कि गमले में आंवले का पौधा लगाने के लिए किन बातों का ध्यान रखना चाहिए।
गमले में आंवले का पौधा लगाने के लिए क्या करें
आंवले का पौधा लगाने के लिए सबसे पहले सही गमले का चुनाव करें। इसकी जड़ें फैलती हैं, इसलिए छोटा गमला लेने से बचें। कम से कम 18-24 इंच गहरा और चौड़ा गमला या बड़ा ग्रो बैग लें। गमले में नीचे पानी निकलने के लिए छेद जरूर होने चाहिए।
अगर आप जल्दी फल पाना चाहते हैं तो नर्सरी से ग्राफ्टेड या बडेड आंवले का पौधा खरीदें। बीज से भी पौधा तैयार किया जा सकता है, लेकिन उसमें फल आने में ज्यादा समय लग सकता है।
आंवले के पौधे के लिए कैसी मिट्टी और कितनी खाद चाहिए
आंवले के पौधे को ऐसी मिट्टी चाहिए जिसमें पानी जमा न हो। इसके लिए सामान्य बगीचे की मिट्टी में मोटी रेत और अच्छी तरह सड़ी गोबर की खाद या वर्मी कम्पोस्ट मिलाएं। आप मिट्टी और खाद का मिश्रण तैयार करके गमले में भर सकते हैं।
पौधे की अच्छी ग्रोथ के लिए हर दो से तीन महीने में एक-दो मुट्ठी वर्मी कम्पोस्ट या गोबर की सड़ी खाद डालें। खाद डालने के बाद मिट्टी की हल्की गुड़ाई कर दें। ध्यान रखें कि ताजा गोबर सीधे पौधे में न डालें। सर्दियों में पौधे की ग्रोथ धीमी हो तो ज्यादा खाद डालने की जरूरत नहीं है।
आंवले के पौधे को कितनी धूप और पानी चाहिए
आंवले का पौधा अच्छी धूप में बेहतर बढ़ता है। इसलिए गमले को ऐसी जगह रखें जहां रोजाना करीब 6-8 घंटे धूप आती हो। छत या खुली बालकनी इसके लिए अच्छी जगह है। पानी देने से पहले मिट्टी की ऊपरी परत जांच लें। अगर मिट्टी सूखी है तो पानी दें। सर्दियों में मिट्टी देर से सूखती है, इसलिए गर्मियों की तरह बार-बार पानी देने की जरूरत नहीं होती। गमले में पानी जमा होने से जड़ें खराब हो सकती हैं।
क्या नवंबर-दिसंबर की सर्दी में आंवले का पौधा बढ़ेगा
यह सवाल उन लोगों के मन में जरूर आता है जो सर्दियों में नया पौधा लगाने की सोच रहे हैं। आंवले का पेड़ गर्मी और सर्दी दोनों सहन कर सकता है, लेकिन छोटे पौधों को बहुत ज्यादा ठंड और पाले से बचाना जरूरी है।
दिसंबर-जनवरी के दौरान आंवले के पेड़ में पत्तियां झड़ सकती हैं। फरवरी-मार्च में नई पत्तियां और फूल आने लगते हैं। यानी सर्दियों में पौधे की बढ़त धीमी हो सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि पौधा खराब हो गया है। अगर आप नवंबर-दिसंबर में नया पौधा लगाते हैं तो उसे पाले और बहुत ठंडी हवा से बचाकर रखें। तेज ठंड वाली रातों में गमले को सुरक्षित जगह पर रख सकते हैं।
गमले में आंवले के पेड़ में फल कब आएंगे
अगर आपने नर्सरी से ग्राफ्टेड या बडेड पौधा लगाया है तो अच्छी देखभाल के साथ उसमें कुछ साल में फल आने शुरू हो सकते हैं। बीज से तैयार पौधे में फल आने में ज्यादा समय लगता है। पौधे की किस्म, उम्र और गमले की स्थिति भी इसमें अहम भूमिका निभाती है।
इसलिए शुरुआत में ही सही पौधा चुनें। पर्याप्त धूप, संतुलित खाद और पानी का ध्यान रखें। थोड़े धैर्य के साथ आप अपनी छत या बालकनी में भी आंवले का पेड़ तैयार कर सकते हैं।
