Face Suction Cup: आपने किसी वीडियो में देखा होगा कि एक छोटा सा कप गाल पर लगाया, उसे धीरे-धीरे सरकाया और दावा किया कि चेहरा तुरंत ग्लो करने लगा। इसे देखकर आपका भी मन हुआ कि एक बार आजमाकर देखें? लेकिन पहले यह जान लीजिए कि सक्शन कप चेहरे की त्वचा के साथ करता क्या है। इसे फेस पर सही तरीके से इस्तेमाल करना जितना जरूरी है, उतना ही जरूरी है यह समझना कि इससे आपके चेहरे पर क्या असर आता है।
फेस सक्शन कप क्या होता है, किन लोगों को नहीं करना चाहिए यूज (AI Image)
फेस सक्शन कप है क्या
फेस सक्शन कप आमतौर पर सिलिकॉन से बना छोटा, मुलायम कप होता है। आप इसे हल्का सा दबाकर चेहरे पर रखते हैं। जब दबाव छोड़ते हैं, तो कप के अंदर हल्का वैक्यूम बनता है और त्वचा थोड़ी ऊपर खिंचती है। फिर कप को चेहरे पर धीरे-धीरे सरकाया जाता है। इसी को फेशियल कपिंग कहते हैं। एक्ट्रेस शीबा ने एक वीडियो में इसका यूज दिखाया था।
यहां एक उलझन हो सकती है। दरअसल कई बार ऑनलाइन फेस सक्शन कप सर्च करते हुए ब्लैकहेड निकालने वाली इलेक्ट्रिक मशीन भी सामने आ सकती है। इस मशीन को पोर वैक्यूम कहते हैं। हालांकि दोनों ही सक्शन का इस्तेमाल करते हैं, मगर दोनों का काम और इस्तेमाल का तरीका अलग है।
फेस सक्शन कप चेहरे पर कैसे काम करता है
कल्पना कीजिए कि कोई आपकी त्वचा को बहुत हल्के से ऊपर उठाकर मालिश कर रहा है जिससे त्वचा में ब्लड फ्लो बढ़ रहा है। यह कप भी कुछ ऐसा ही करता है। सक्शन की वजह से उस हिस्से में थोड़ी देर के लिए रक्त प्रवाह बढ़ सकता है। यही वजह है कि इस्तेमाल के बाद चेहरा हल्का गुलाबी नजर आ सकता है।
लेकिन हां, इसका प्रयोग आपको हल्के हाथ से करना है। अगर सक्शन में जोर लगाया तो त्वचा पर लाल या नीले गोल निशान पड़ सकते हैं। इसके अलावा, कपिंग से त्वचा में जलन और संक्रमण का जोखिम भी हो सकता है। इसलिए वीडियो में दिखने वाले तेज, बार-बार दोहराए जाने वाले स्ट्रोक्स को देखकर वैसा ही करने की जरूरत नहीं है।
क्या फेस सक्शन कप से चेहरा ग्लो करता है
फेस सक्शन कप के इस्तेमाल के बाद से कुछ लोगों को चेहरा तरोताजा लग सकता है। हल्की मालिश से सुबह की मामूली पफीनेस भी कुछ समय के लिए कम दिखाई दे सकती है। लेकिन यह असर हर व्यक्ति में एक जैसा नहीं होता।
अगर कोई कह रहा है कि फेस सक्शन कप से झुर्रियां मिट जाएंगी, चेहरा स्थायी रूप से लिफ्ट हो जाएगा या पोर्स हमेशा के लिए छोटे हो जाएंगे, तो यह दावा सही नहीं है। फेशियल कपिंग से ये समस्याएं पूरी तरह दूर नहीं होती हैं।
पहली बार इस्तेमाल में इन बातों का ध्यान रखें
शुरुआत साफ चेहरे और साफ कप से करें। त्वचा पर ऐसा हल्का मॉइस्चराइजर लगाएं जिससे कप बिना रगड़े आसानी से सरक सके। कप को बहुत कम दबाएं, ताकि सक्शन हल्का रहे। उसे एक जगह टिकाकर रखने के बजाय धीरे-धीरे चलाएं।
अब इसका रिएक्शन अपनी त्वचा पर देखें। आरामदायक, हल्का खिंचाव और दर्द देने वाला खिंचाव अलग होते हैं। दर्द, जलन या तेज लालिमा हो तो उसी समय रुक जाएं। हां, इस्तेमाल के बाद कप धोकर सुखाएं। किसी और के साथ इसे शेयर ना करें।
किन जगहों पर फेस सक्शन कप न लगाएं
फेस सक्शन कप को मुंहासों, कटी या छिली हुई त्वचा या धूप से जलन होने वाले हिस्से को छोड़ दें। आंखों के बहुत करीब भी कप न चलाएं। अगर आपकी त्वचा बहुत संवेदनशील है, आसानी से नील पड़ जाते हैं या आप किसी त्वचा संबंधी समस्या का इलाज करा रही हैं, तो इस्तेमाल से पहले त्वचा विशेषज्ञ की सलाह लेना सही रहेगा।
