Pet Care Tips In Summer : गर्मियों का मौसम इंसानों के साथ-साथ जानवरों के लिए भी काफी चुनौती भरा होता है। खासकर पालतू कुत्ते यानी डॉगी इस मौसम में जल्दी डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक और स्किन से जुड़ी समस्याओं का शिकार हो सकते हैं। कई बार लोग यह समझ नहीं पाते कि उनके पेट को कितनी गर्मी लग रही है, क्योंकि डॉगी बोलकर अपनी परेशानी नहीं बता पाते हैं। ऐसे में उनकी सही देखभाल करना बहुत जरूरी हो जाता है। अगर थोड़ी सी सावधानी बरती जाए, तो आप अपने डॉगी को गर्मी के असर से बचा सकते हैं और उसे हेल्दी व एक्टिव रख सकते हैं। आइए जानते हैं गर्मियों में डॉगी की केयर कैसे करें।
पानी की कमी न होने दें
गर्मियों में डॉगी के लिए सबसे जरूरी चीज है पानी। उन्हें हर समय ताजा और हल्का ठंडा पानी मिलना चाहिए। बहुत ज्यादा ठंडा पानी देने से बचें, क्योंकि इससे गले या पाचन पर असर पड़ सकता है। अगर आपका डॉगी बाहर ज्यादा समय बिताता है, तो घर के अलग-अलग जगहों पर पानी के बर्तन रखें। डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए कभी-कभी नारियल पानी या छाछ भी दे सकते हैं, लेकिन सीमित मात्रा में दें।
ठंडी और आरामदायक जगह दें
डॉगी को हमेशा ठंडी और हवादार जगह पर रखें। उन्हें सीधी धूप से दूर रखें और ऐसी जगह बैठाएं जहां हवा अच्छी तरह आए। अगर घर में कूलर या पंखा है, तो उसकी हवा तक पहुंच बनाएं। बाहर रहने वाले डॉगी के लिए छांव और ठंडे फर्श की व्यवस्था जरूरी है।
धूप में घुमाने से बचें
गर्मियों में दोपहर के समय जमीन बहुत गर्म हो जाती है, जिससे डॉगी के पंजे जल सकते हैं। इस कारण उन्हें सुबह जल्दी या शाम को ही वॉक पर लेकर जाएं। बाहर ले जाने से पहले जमीन का तापमान चेक कर लें। अगर जमीन आपको ज्यादा गर्म लगे, तो डॉगी के लिए भी वह नुकसानदायक होगी।
खाने में क्या दें और क्या न दें
गर्मियों में डॉगी की डाइट का खास ध्यान रखना जरूरी है। उन्हें हल्का, ताजा और आसानी से पचने वाला खाना देना चाहिए। आप उनके खाने में उबला हुआ चिकन, चावल, दही, छाछ और उबली हुई सब्जियां शामिल कर सकते हैं। इससे उनका पाचन सही रहता है और शरीर को ठंडक भी मिलती है। इसके साथ ही, उन्हें ज्यादा ऑयली, मसालेदार और भारी खाना देने से बचें, क्योंकि इससे पेट खराब हो सकता है। चॉकलेट, अंगूर, किशमिश, प्याज और बहुत ज्यादा मीठी चीजें बिल्कुल न दें, क्योंकि ये डॉगी के लिए नुकसानदायक होती हैं। बाहर का जंक फूड या बचा हुआ खाना देने से भी बचना चाहिए। सही और संतुलित आहार देने से आपका डॉगी गर्मी में भी एक्टिव और हेल्दी बना रहेगा।
नियमित ग्रूमिंग है जरूरी
डॉगी की स्किन और फर की सफाई गर्मियों में बहुत जरूरी होती है। समय-समय पर उन्हें नहलाएं, लेकिन बहुत ज्यादा बार न नहलाएं, क्योंकि इससे स्किन ड्राई हो सकती है। उनके बालों को ट्रिम करवाना अच्छा रहता है, जिससे उन्हें गर्मी कम लगती है। टिक और फ्ली से बचाव के लिए डॉक्टर की सलाह लेना भी जरूरी है।
हीट स्ट्रोक के लक्षण पहचानें
अगर आपका डॉगी बहुत ज्यादा हांफ रहा है, सुस्त लग रहा है, उल्टी कर रहा है या शरीर बहुत गर्म हो गया है, तो यह हीट स्ट्रोक (Heat Stroke) के संकेत हो सकते हैं। ऐसे में तुरंत उसे ठंडी जगह पर ले जाएं और पानी दें। जरूरत पड़े तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
कूलिंग प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करें
मार्केट में कूलिंग मैट और कूलिंग कॉलर जैसे प्रोडक्ट्स मिलते हैं, जो डॉगी को गर्मी से राहत देते हैं। अगर आपका पेट ज्यादा गर्मी महसूस करता है, तो इनका इस्तेमाल कर सकते हैं।
कार में अकेला न छोड़ें
गर्मियों में डॉगी को कभी भी बंद कार में अकेला न छोड़ें। कार के अंदर तापमान बहुत तेजी से बढ़ता है, जिससे कुछ ही मिनटों में उसकी जान को खतरा हो सकता है।
पंजों और स्किन का ध्यान रखें
गर्म फर्श और धूप से डॉगी के पंजे और स्किन को नुकसान हो सकता है। वॉक के बाद उनके पंजों को साफ करें और देखें कि कहीं जलन या चोट तो नहीं है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर की सलाह लें।
