लाइफस्टाइल

मिस इंडिया 2026 प्रतिभागियों ने धूमधाम से मनाया ओडिया नववर्ष, KIIT कैंपस में पारंपरिक साड़ी में आईं नजर

Femina Miss India 2026 : 61वें फेमिना मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता में चयनित 30 प्रतिभागियों ने ओडिया नववर्ष को धूमधाम से सेलिब्रेट किया। पूरे आयोजन में यहां की संस्कृति, परंपरा और उत्सव का माहौल देखने को मिला।

Image

मिस इंडिया 2026 प्रतिभागियों ने मनाया ओडिया नववर्ष

Femina Miss India 2026 : 61वें फेमिना मिस इंडिया 2026 प्रतियोगिता की 30 चयनित प्रतिभागियों ने ओडिया नववर्ष के अवसर पर केआईआईटी (KIIT) कैंपस में पारंपरिक अंदाज में इस खास दिन को सेलिब्रेट किया। इस दौरान पूरे कैंपस में ओडिशा की संस्कृति, परंपरा और उत्सव का माहौल देखने को मिला। देशभर से आई प्रतिभागियों ने इस अवसर पर न सिर्फ त्योहार का आनंद लिया, बल्कि राज्य की समृद्ध विरासत को भी करीब से महसूस किया।

ओडिया परंपरा में सजीं प्रतिभागी

इस खास मौके पर सभी प्रतिभागी ओडिशा की प्रसिद्ध पत्ताचित्र सिल्क साड़ियों में नजर आईं। पारंपरिक परिधान में सजी इन कंटेस्टेंट्स ने ओडिया संस्कृति को पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनाया। उन्होंने पारंपरिक रीति-रिवाजों को समझा और इस अनुभव को बेहद खास बताया। प्रतिभागियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन उन्हें भारत की विविधता और सांस्कृतिक समृद्धि को समझने का मौका देते हैं।

Femina Miss India 2026

Femina Miss India 2026

पारंपरिक व्यंजनों का लिया स्वाद

उत्सव के दौरान प्रतिभागियों ने ओडिशा के पारंपरिक व्यंजनों का भी आनंद लिया। खास तौर पर प्रसिद्ध मिठाई छेना पोड़ा ने सभी का ध्यान खींचा। इसके अलावा पारंपरिक ओडिया भोजन का स्वाद लेते हुए उन्होंने राज्य के खान-पान की तारीफ की। प्रतिभागियों ने कहा कि यहां का खाना स्वाद के साथ-साथ संस्कृति से भी जुड़ा हुआ है, जो इसे और खास बनाता है। इस कार्यक्रम में फेमिना मिस इंडिया 2024 की विजेता निकिता पोरवाल (Nikita Porwal) भी शामिल हुईं। उन्होंने प्रतिभागियों के साथ समय बिताया और इस सांस्कृतिक उत्सव का हिस्सा बनीं।

ओडिशा में पहली बार हो रहा आयोजन

फेमिना मिस इंडिया जैसे प्रतिष्ठित ब्यूटी पेजेंट का आयोजन पहली बार ओडिशा में किया जा रहा है। यह आयोजन 18 अप्रैल को केआईआईटी कैंपस में होगा, जिसमें देशभर की 30 प्रतिभागी हिस्सा लेंगी। इस प्रतियोगिता के जरिए ओडिशा की कला, संस्कृति और परंपराओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। यह पूरा आयोजन ओडिशा पर्यटन विभाग के सहयोग से किया गया।

इसके साथ ही केआईआईटी और किस (केआईएसएस) के संस्थापक अच्युत सामंथ ने भी इसमें काफी योगदान दिया। आने वाले दिनों में सभी प्रतिभागी ओडिशा की प्रमुख ऐतिहासिक और धार्मिक जगहों का दौरा करेंगी। इनमें पुरी, कोर्णाक का सूर्य मंदिर और चंद्रभागा बीच शामिल हैं। इसके अलावा वे पुरी बीच और मुक्तेश्वर टेंपल में हेरिटेज वॉक में भी हिस्सा लेंगी, जिससे उन्हें ओडिशा की संस्कृति को और करीब से जानने का मौका मिलेगा। फेमिना मिस इंडिया 2026 की यह पहल सिर्फ एक ब्यूटी पेजेंट नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति को जोड़ने का एक माध्यम भी बन रही है। ओडिया नववर्ष के इस आयोजन ने न सिर्फ प्रतिभागियों को एक नया अनुभव दिया, बल्कि ओडिशा की समृद्ध परंपराओं को देशभर में पहचान दिलाने की दिशा में एक अहम कदम भी साबित हुआ।

Mohit Tiwari
मोहित तिवारीauthor

मोहित तिवारी को पत्रकारिता के क्षेत्र में 10 साल का अनुभव है। इन्होंने अपने करियर की शुरुआत प्रतिष्ठित न्यूजपेपर में फील्ड रिपोर्टिंग से की थी। मोहित ने प्रिंट, टीवी और डिजिटल तीनों प्लेटफॉर्म पर काम किया है। देश-विदेश, लाइफस्टाइल, धर्म और आध्यात्मिक विषयों में गहरी रुचि रखने वाले मोहित ने ज्योतिष का भी व्यापक अध्ययन किया है। मोहित के आलेख लाइफस्टाइल, हेल्थ, न्यूज, धर्म, ज्योतिष आदि विषयों पर गहरी शोध और प्रामाणिकता पर आधारित होते हैं और इन विषयों पर वह 12,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article