मीठा खाने का मन हो और रसोई में ज्यादा समय भी न हो, तो भापा दोई (Bhapa Doi) एक बेहतरीन विकल्प है। यह बंगाल की मशहूर मिठाई है, जिसे बेहद कम सामग्री से तैयार किया जा सकता है। खास बात यह है कि ये स्वादिष्ट बंगाली मिठाई मशहूर शेफ विकास खन्ना की भी पसंदीदा मिठाइयों में से एक है। वहीं एक इंटरव्यू में शेफ ने इसकी खास ईजी रेसिपी शेयर की थी। अब अगर आपके घर में माइक्रोवेव है, तो आप भी इसे कुछ ही मिनटों में घर पर तैयार कर सकते हैं। ठंडी-ठंडी भापा दोई खाने में जितनी स्वादिष्ट लगती है, उतनी ही मुलायम और क्रीमी भी होती है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - मार्केट में छप्पर फाड़ बिक रहा Onion Powder, जानें 1 किलो प्याज का पाउडर बनाने में कितना प्याज लगता है
भापा दोई बनाने के लिए सामग्री
1 कप गाढ़ा दही
½ कप कंडेंस्ड मिल्क
2 बड़े चम्मच मिल्क पाउडर (अगर दही पतला हो तो जरूर डालें)
8-10 कटे हुए बादाम
8-10 कटे हुए काजू
½ छोटा चम्मच इलायची पाउडर
एक चुटकी केसर
ऐसे बनाएं स्वादिष्ट भापा दोई
- सबसे पहले एक बाउल में गाढ़ा दही लें। इसमें कंडेंस्ड मिल्क, मिल्क पाउडर, इलायची पाउडर, कटे हुए बादाम, काजू और केसर डालकर अच्छी तरह मिला लें। ध्यान रखें कि मिश्रण पूरी तरह स्मूद हो जाए।
- अब एक छोटे माइक्रोवेव-सेफ बाउल या मोल्ड में बटर पेपर बिछाएं। यह स्टेप जरूरी है, क्योंकि इससे मिठाई आसानी से बाहर निकल आती है। चाहें तो सबसे नीचे थोड़ा केसर और कुछ कटे हुए ड्राई फ्रूट्स भी फैला दें ताकि पलटने पर ऊपर की सजावट खूबसूरत दिखे।
- अब तैयार मिश्रण को मोल्ड में डालें और माइक्रोवेव में रखें। इसे लगभग 1.5 से 2.5 मिनट तक पकाएं। हर माइक्रोवेव की पावर अलग होती है, इसलिए समय थोड़ा कम या ज्यादा हो सकता है। मिश्रण सेट होते ही इसे बाहर निकाल लें।
ठंडा करना न भूलें
माइक्रोवेव से निकालने के बाद भापा दोई को कमरे के तापमान पर थोड़ा ठंडा होने दें। इसके बाद इसे कम से कम 1 घंटे के लिए फ्रिज में रखें। अगर रातभर ठंडा होने दें, तो इसका स्वाद और भी बेहतर हो जाता है। ऊपर से थोड़ा केसर, बादाम और काजू डालकर ठंडी-ठंडी भापा दोई सर्व करें।
