हर रिश्ते में उतार-चढ़ाव, वैचारिक मतभेद और छोटी-मोटी अनबन होना बेहद स्वाभाविक बात है। दो अलग सोच वाले लोग जब साथ आते हैं, तो तकरार होना तय है। लेकिन कई बार विवाद इस बात से नहीं बढ़ता कि झगड़ा हुआ है, बल्कि इस बात से बढ़ता है कि उस झगड़े को संभाला कैसे गया। मशहूर कंटेंट क्रिएटर, उद्यमी और लेखक अंकुर वारिकू का मानना है कि एक सेहतमंद और मजबूत रिश्ता वह नहीं होता जहाँ कभी झगड़े न हों, बल्कि वह होता है जहां दोनों पार्टनर यह अच्छी तरह जानते हों कि अनबन को सही तरीके से कैसे सुलझाना है।
अंकुर वारिकू ने बताए रिश्ते की अनबन सुलझाने के 3 'गोल्डन रूल्स'(Photo: Ankur Warikoo Insta)
हाल ही में अंकुर वारिकू ने अपनी पत्नी रुचि के साथ अपने रिश्ते के वे 3 जरूरी नियम शेयर किए हैं, जो उनके बीच की कड़वाहट को पल भर में दूर करने में मददगार साबित होते हैं। ये आपके भी काफी काम आ सकते हैं:
1. हमेशा बंद कमरे में करें बात, निजी रखें अपने मतभेद
अंकुर वारिकू का पहला और सबसे अहम नियम यह है कि कभी भी दूसरों, रिश्तेदारों या बच्चों के सामने आपस में बहस या असहमति जाहिर न करें। सार्वजनिक रूप से या दूसरों की मौजूदगी में एक-दूसरे का विरोध करने से न आपसी सम्मान कम होता है। इसके साथ ही बाहर के लोगों का दखल बात को और ज्यादा बिगाड़ सकता है। जब आप अपनी अनबन को बंद कमरे तक सीमित रखते हैं, तो शांति से एक-दूसरे के पक्ष को सुनने और समझने का पूरा मौका मिलता है।
2. कभी भी कड़वाहट के साथ न सोएं
उनका दूसरा नियम यह है कि चाहे दिनभर में कितना भी बड़ा मनमुटाव क्यों न हो जाए, रात को सोने से पहले उसे सुलझा लेना चाहिए। रात भर किसी बात को मन में दबाकर रखने या कड़वाहट के साथ सोने से अगले दिन तनाव और ज्यादा बढ़ता है। दिमाग में नकारात्मक विचार गांठ बांध लेते हैं, जिससे रिश्ता धीरे-धीरे कमजोर होने लगता है। बात को उसी दिन खत्म कर लेना ही समझदारी है।
3. एक-दूसरे से नहीं, समस्या से लड़ें
अंकुर का तीसरा और सबसे महत्वपूर्ण नियम यह है कि बहस के दौरान सारा ध्यान समस्या को हल करने पर होना चाहिए, न कि एक-दूसरे को नीचा दिखाने पर। ज्यादातर रिश्तों में लोग यह साबित करने की होड़ में लग जाते हैं कि कौन सही है और कौन गलत। इसके बजाय, दोनों को एक टीम की तरह खड़े होकर यह सोचना चाहिए कि असली समस्या क्या है और मिलकर उसका समाधान कैसे निकाला जाए।
मनोवैज्ञानिक भी मानते हैं इन नियमों को असरदार
रिलेशनशिप एक्सपर्ट्स और मनोवैज्ञानिकों का भी यही मानना है कि किसी भी बहस के दौरान पुरानी बातों को बीच में लाना, तीखी बातें बोलना या पार्टनर पर व्यक्तिगत तंज कसना रिश्ते को गंभीर नुकसान पहुंचाता है। अगर आप इन 3 गोल्डेन रूल्स को अपनी लाइफ में शामिल कर लें, तो मामूली अनबन भी आपके रिश्ते को तोड़ने के बजाय उसे और अधिक परिपक्व और मजबूत बनाने का काम करेगी।
