बचपन में रॉकेट प्रक्षेपण को करीब से देखने का सपना आज हकीकत में बदल चुका है। भारतीय मूल के अमेरिकी वैज्ञानिक Amit Kshatriya आज दुनिया की सबसे बड़ी अंतरिक्ष एजेंसी NASA में अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं और उन अभियानों का नेतृत्व कर रहे हैं, जिनका लक्ष्य अंतरिक्ष यात्रियों को फिर से चंद्रमा पर उतारना और आगे मंगल ग्रह तक पहुंच बनाना है।
नासा के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर अमित क्षत्रिय
अमित क्षत्रिय का कहां हुआ था जन्म?
विस्कॉन्सिन के ब्रुकफील्ड में जन्मे अमित क्षत्रिय वर्तमान में नासा के एसोसिएट एडमिनिस्ट्रेटर यानी सह प्रशासक हैं और एजेंसी के शीर्ष सिविल सेवकों में शामिल हैं। वह नासा के प्रशासक Jared Isaacman के वरिष्ठ सलाहकार के रूप में भी कार्य कर रहे हैं। उनकी जिम्मेदारी नासा के 10 प्रमुख केंद्र निदेशकों और वाशिंगटन स्थित मुख्यालय में मिशन निदेशालयों के सह प्रशासकों का नेतृत्व करना है। इसके साथ ही वे एजेंसी के मुख्य संचालन अधिकारी (COO) की भूमिका भी निभाते हैं।
अमित क्षत्रिय माता-पिता
अमित क्षत्रिय के माता-पिता भारतीय मूल के हैं। उन्होंने कैलिफोर्निया के पासाडेना स्थित California Institute of Technology से गणित में स्नातक और टेक्सास के ऑस्टिन स्थित University of Texas at Austin से गणित में स्नातकोत्तर की डिग्री प्राप्त की। हालांकि उनका जन्म विस्कॉन्सिन में हुआ, लेकिन वे टेक्सास के ह्यूस्टन के पास स्थित केटी शहर को अपना गृह नगर मानते हैं।
बचपन का सपना
अंतरिक्ष के प्रति उनका लगाव बचपन में ही शुरू हो गया था, जब उन्होंने ह्यूस्टन में स्थित Johnson Space Center के पास रॉकेट लॉन्च होते देखे। पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कुछ समय तेल और गैस उद्योग तथा चिकित्सा क्षेत्र में काम किया, लेकिन 2003 में United Space Alliance से जुड़ने के बाद उनका करियर पूरी तरह अंतरिक्ष क्षेत्र में आगे बढ़ा।
नासा में कैसे हुई एंट्री?
क्षत्रिय ने सॉफ्टवेयर इंजीनियर, रोबोटिक्स इंजीनियर और अंतरिक्ष यान ऑपरेटर के रूप में काम किया है। उन्होंने मुख्य रूप से International Space Station के रोबोटिक सिस्टम और असेंबली पर ध्यान केंद्रित किया। 2014 से 2017 तक वे अंतरिक्ष स्टेशन के फ्लाइट डायरेक्टर रहे और 2017 से 2021 के बीच आईएसएस यान कार्यालय के उप प्रबंधक और फिर कार्यवाहक प्रबंधक बने।
स्पेस प्रोग्राम में भूमिका
2021 में उन्हें नासा मुख्यालय में एक्सप्लोरेशन सिस्टम्स डेवलपमेंट मिशन डायरेक्टरेट में सहायक उप सह प्रशासक नियुक्त किया गया। इस दौरान वे उस टीम के प्रमुख सदस्य रहे, जिसने Artemis I मिशन के दौरान चंद्रमा के लिए तैयार अंतरिक्ष यान की सफल वापसी सुनिश्चित की। इसके अलावा वे नासा के महत्वाकांक्षी Moon to Mars program कार्यक्रम में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।
नासा का उत्कृष्ट नेतृत्व पदक और प्रतिष्ठित ‘सिल्वर स्नूपी’ पुरस्कार
पिछले वर्ष सितंबर में अमित क्षत्रिय को नासा का सह प्रशासक नियुक्त किया गया। उनके उत्कृष्ट नेतृत्व और उड़ान सुरक्षा में योगदान के लिए उन्हें नासा का उत्कृष्ट नेतृत्व पदक और प्रतिष्ठित ‘सिल्वर स्नूपी’ पुरस्कार भी मिल चुका है, जो अंतरिक्ष मिशनों की सुरक्षा में विशेष योगदान देने वाले अधिकारियों को दिया जाता है।
