World Tallest Skyscraper: दुनिया की सबसे ऊंची इमारत कौन सी है? आपको अभी भी लगता है कि बुर्ज खलीफा ही दुनिया की सबसे बड़ी इमारत है? वैसे आप गलत नहीं सोच रहे हैं। मौजूदा समय में बुर्ज खलीफा ही दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है, लेकिन जल्द ही इससे यह उपाधि छिनने वाली है, क्योंकि दुनिया की सबसे ऊंची इमारत की सूची में एक नया नाम जुड़ने वाला है।
सऊदी अरब में निर्माणाधीन जेद्दा टॉवर
बुर्ज खलीफा को कौन देगा मात?
सऊदी अरब में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बन रही है। निर्माणाधीन जेद्दा टॉवर जब बनकर तैयार हो जाएगा तो इसकी ऊंचाई 3,281 फुट होगी। जेद्दा टॉवर के सामने बुर्ज खलीफा काफी छोटा लगेगा, क्योंकि दोनों के बीच में लगभग 500 फुट का अंतर रहेगा।
बुर्ज खलीफा
मौजूदा समय में बुर्ज खलीफा दुनिया की सबसे ऊंची इमारत है और इसकी ऊंचाई 828 मीटर यानी 2,717 फुट है। यह संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के दुबई में स्थित है। 163 मंजिलों वाली सबसे ऊंची इमारत में आवासीय, होटल और ऑफिस प्लेस मौजूद हैं।
कब शुरू हुआ जेद्दा टॉवर का निर्माण
जेद्दा टॉवर का निर्माणकार्य 2013 में शुरू हुआ था। जल्द ही इसका निर्माणकार्य सम्पन्न होने की उम्मीद है। जेद्दा टॉवर को किंगडम टॉवर के नाम से भी जाना जाता है। इस इमारत में लग्जरी हाउस, ऑफिसेस और अपार्टमेंट्स होंगे। इसे एड्रियन स्मिथ + गॉर्डन गिल आर्किटेक्चर के एड्रियन स्मिथ ने डिजाइन किया है। जेद्दा टॉवर में 59 लिफ्ट और 12 एक्केलेटर होंगे। जिनमें पांच लिफ्ट डबल डेकर होंगी।
सऊदी अरब में बन रहा जेद्दा टॉवर
अत्याधुनिक तकनीकों से निर्मित हो रहा जेद्दा टॉवर एक त्रिकोणीय, पतला और चिकना टॉवर दिखाई देता है। इस परियोजना की देखरेख करने वाली जेद्दा इकोनॉमिक कंपनी (JEC) के मुताबिक, जेद्दा टॉवर का निर्माण कार्य चल रहा है और इसके चार-पांच सालों के भीतर पूरा होने की संभावना है। जेद्दा टॉवर का निर्माण कई बार बीच में रुका है।
