'आप नहीं तय करेंगे मैं सदन में कब बोलूं'; लोकसभा में राहुल गांधी ने दिया चैलेंज तो भड़क गए गृहमंत्री शाह

गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर झूठ फैलाने और पूरी दुनिया में भारतीय लोकतंत्र की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि चुनावों में कांग्रेस की हार की वजह ईवीएम एवं मतदाता सूची नहीं, बल्कि राहुल गांधी का नेतृत्व है।

चुनाव सुधार पर लोकसभा में चर्चा के दौरान भारी हंगामा देखने को मिला। सदन में जब गृहमंत्री शाह चुनाव सुधार पर विपक्ष के आरोपों का जवाब दे रहे थे तभी उनके भाषण के बीच राहुल गांधी ने खड़े होकर सीधा चैलेंज देने लगे। शाह ने जैसे ही कहना शुरू किया कि बीजेपी चर्चा से भागती नहीं है, तभी राहुल गांधी खड़े होकर ऊंची आवाज में बोले कि मैं आपको चैलेंज करता हूं, मेरी वोट चोरी वाली तीनों प्रेस कॉन्फ्रेंस पर जवाब दीजिए। इस पर गृहमंत्री शाह भड़क गए। उन्होंने कहा कि मैं सभी प्रेस कांफ्रेंस को लेकर जवाब दूंगा। इस पर राहुल ने कहा, 'यह अच्छी बात है। अमित शाह जी, मैं आपको इसके लिए चुनौती देता हूं। हिंदुस्तान के इतिहास में पहली बार चुनाव आयुक्तों को पूरी इम्युनिटी दी जा रही है। इसके पीछे की सोच क्या है?'

राहुल गांधी पर भड़के अमित शाह।

राहुल गांधी पर भड़के अमित शाह।

अचानक भड़क उठे शाह

राहुल की चुनौती पर अचानक भड़के शाह ने कहा कि मैं 30 साल से विधानसभा और लोकसभा से चुनकर आ रहा हूं। मुझे संसदीय प्रणाली का अनुभव है। आप यह तय नहीं करेंगे कि मैं सदन में कब बोलूं। संसद आपकी शर्तों पर नहीं चलेगी। शाह ने राहुल गांधी को कड़े शब्दों में आड़े हाथों लेते हुए कहा कि संसद में कौन क्या बोलता है और कब बोलता है, यह संसदीय परंपरा तय करती है, विपक्ष के नेता नहीं।

End of Feed