Rahul Gandhi: गुजरात में नवनियुक्त जिलाध्यक्षों को संबोधित करते हुए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि 'चुनावों में कांग्रेस की हार इसलिए नहीं हुई कि उसके प्रयासों में कमी है बल्कि हार इसलिए हुई क्योंकि चुनावी प्रक्रिया में हेरफेर किया गया।' कांग्रेस सांसद ने कहा कि 'चुनाव में आपकी हार नहीं हुई बल्कि आपके साथ धोखा हुआ।' अपने संबोधन में राहुल ने चुनाव आयोग का तो सीधे नाम नहीं लिया लेकिन उन्होंने चुनावी प्रक्रिया में पक्षपात एवं हेरफेर का आरोप लगाया।
चुनाव आयोग पर राहुल गांधी ने आरोप लगाया। तस्वीर-@INCGujarat
निर्वाचन आयोग पर ‘पक्षपाती’ होने का आरोप लगाया
‘संगठन सृजन अभियान’ (पार्टी संगठन को मजबूत करने का अभियान) के तहत कांग्रेस के जिला अध्यक्षों के प्रशिक्षण शिविर में अपने संबोधन के दौरान राहुल ने निर्वाचन आयोग पर ‘पक्षपाती’ होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उसके ‘मुख्य गढ़’ गुजरात में हराना महत्वपूर्ण है। कांग्रेस ने 2027 के राज्य विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आणंद शहर के पास एक रिसॉर्ट में जिला पार्टी कमेटियों के नवनियुक्त अध्यक्षों के लिए शिविर का आयोजन किया है। पार्टी के मिशन 2027 के लिए खाका तैयार करने के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर का समापन 28 जुलाई को होगा।
गुजरात में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोदित करते राहुल गांधी। तस्वीर -@INCGujarat
राहुल ने जिला अध्यक्षों का मागर्दशन किया
गुजरात कांग्रेस प्रमुख अमित चावड़ा ने बैठक के बाद संवाददाताओं को बताया कि राहुल गांधी ने जिला अध्यक्षों का मागर्दशन किया और आश्वासन दिया कि नेतृत्व पूरी तरह से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ है। राजकोट जिला कांग्रेस प्रमुख राजदीपसिंह जडेजा ने कहा, ‘राहुल गांधी ने हमसे लोगों से जुड़े मुद्दे उठाने को कहा। उन्होंने आश्वासन दिया कि विभिन्न चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन से पहले शहर और जिला इकाई प्रमुखों से परामर्श किया जाएगा।’
EC पर ‘पक्षपाती अंपायर’ होने का आरोप
एक अन्य नेता ने कहा कि राहुल गांधी ने क्रिकेट की शब्दावली का इस्तेमाल करते हुए निर्वाचन आयोग पर ‘पक्षपाती अंपायर’ होने का आरोप लगाया, जिसके कारण कांग्रेस चुनाव हार रही है। कांग्रेस की सुरेंद्रनगर जिला इकाई के प्रमुख नौशाद सोलंकी ने कहा, ‘क्रिकेट में अगर आप बार-बार आउट हो जाते हैं, तो आप खुद पर शक करने लगते हैं। लेकिन फिर आपको एहसास होता है कि आप अपनी गलती की वजह से आउट नहीं हो रहे हैं। यह अंपायर है जो पक्षपाती है। राहुल जी ने यह बात कही और हमें भरोसा दिया। उन्होंने जोर देकर कहा कि हम 2017 के गुजरात चुनाव निर्वाचन आयोग की संदिग्ध मतदाता सूची के कारण हारे थे।’
गुजरात में भाजपा को घेरने में जुटी कांग्रेस। तस्वीर-@INCGujarat
सोलंकी ने कहा-गुजरात में BJP को हराना बहुत जरूरी
सोलंकी ने कहा, ‘राहुल जी ने रेखांकित किया कि भाजपा को उसके मुख्य गढ़ गुजरात में हराना बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि पार्टी का मानना है कि हमें उत्तर प्रदेश, बिहार और कुछ अन्य राज्यों में (भाजपा को हराने के लिए) कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्होंने कहा कि अगर हम गुजरात में भाजपा को हरा सकते हैं, तो पार्टी को हर जगह हराया जा सकता है।’
