Delhi Chunav 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के मतदाताओं से आग्रह किया कि वे बुधवार को हो रहे दिल्ली विधानसभा चुनाव में अपना मूल्यवान वोट अवश्य करें। 'एक्स' पर एक पोस्ट में उन्होंने विशेष रूप से उन युवा मतदाताओं को बधाई दी जो पहली बार मतदान करने के लिए पात्र हैं। उन्होंने इस बात को ध्यान में रखने के लिए कहा कि, ''पहले मतदान, फिर जलपान।''
PM मोदी ने क्या कुछ कहा?
प्रधानमंत्री मोदी ने मतदाताओं से लोकतंत्र के उत्सव में उत्साह के साथ भाग लेने का आग्रह किया। दिल्ली विधानसभा की सभी 70 सीट के लिए बुधवार को मतदान हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने आम आदमी पार्टी (AAP) के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी (BJP) के चुनाव प्रचार अभियान का नेतृत्व किया।
दिल्ली में मतदान जारी
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान जारी है। इस चुनाव में जहां आम आदमी पार्टी (AAP) अपनी शासन व्यवस्था और कल्याणकारी योजनाओं के दम पर तीसरी बार सत्ता में आने की कोशिश में है, वहीं भाजपा और कांग्रेस फिर से सत्ता में आने की कोशिश में हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में बुधवार सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया, जिसमें करीब 1.56 करोड़ पात्र मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। यह विधानसभा चुनाव राष्ट्रीय राजधानी की राजनीति को नया आकार देने वाला है, जिसमें 699 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है और चुनाव के लिए दिल्ली के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में बने 13,766 मतदान केंद्रों पर मतदान जारी है।
