India Health Summit & Awards: 'दिल्ली में नकली दवाएं बिकने नहीं देंगे, जल्द खुलेंगे 4 नए अस्पताल', स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने बताया अपना रोडमैप

Times Network India Health Summit & Awards 2026 को संबोधित करते हुए दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य लोगों को उनके घर के समीप बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अगले साल दिल्ली में 4 नए अस्पताल खुलेंगे।

दिल्ली में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे बदलावों का जिक्र करते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने कहा कि अगले साल जनवरी महीने में उनकी सरकार राजधानी में चार नए अस्पताल खोलने जा रही है। इन अस्पतालों में आधुनिक तकनीक से लैस मशीनें लगाई जाएंगी और लोगों का बेहतर उपचार किया जाएगा। Times Network India Health Summit & Awards 2026 कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री ने बुधवार को कहा कि दिल्ली में नकली दवाओं एवं सामानों का कारोबार वह चलने नहीं देंगे। सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश लोगों को उनके घर के समीप ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Dr. Pankaj Singh

Times Network India Health Summit & Awards 2026 कार्यक्रम में दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज सिंह।

'प्रदूषण पर काफी हद तक रोक लगाएगी EV पॉलिसी'

डॉ. सिंह ने कहा कि हमारी सरकार शॉर्ट टर्म पर नहीं चलती। प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए पिछली सरकार की ऑड-ईवन व्यवस्था की उन्होंने आलोचना की। सिंह ने कहा कि प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए उनकी सरकार इलेक्ट्रिकल व्हीकल पर पॉलिसी लेकर आई है। इससे प्रदूषण पर काफी हद तक रोक लगेगी। AAP सरकार पर निशाना साधते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि मोहल्ला क्लिनिक के नाम पर लोगों के साथ धोखा हुआ। हमने करीब 450 आयुष्यमान आरोग्य मंदिर खोले हैं। इसमें करीब 100 इनहाउस टेस्ट किए जाते हैं। इससे लोगों को अपने घर के पास इलाज की प्राथमिक सुविधा मिलती है। पिछली सरकार में अस्पतालों की हालत जर्जर हो गई थी। अस्पतालों की अनुमानित लागत बढ़ने की वजह से वे खंडहर के रूप में खड़े थे। बड़े अस्पतालों में एमआरआई और सिटी स्कैन की व्यवस्था नहीं की गई।

End of Feed