देश

कौन हैं उदय भानु चिब? राहुल-प्रियंका के माने जाते हैं खास; अब शर्टलेस प्रदर्शन में हुए गिरफ्तार

यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में दिल्ली पुलिस ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि इस प्रदर्शन के मास्टरमाइंड उदय भानु चिब हैं। आइए जानते हैं कौन हैं उदय भानु चिब

Image

उदय भानु चिब कौन हैं?

उदय भानु चिब, कांग्रेस के युवा नेता, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) से लेकर इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) का बड़ा चेहरा, अब सलाखों के पीछे हैं। कारण है- दिल्ली में AI Summit 2026 के दौरान यूथ कांग्रेस का शर्टलेस प्रदर्शन। उदय भानु चिब इस प्रदर्शन में सीधे तो शामिल नहीं थे, लेकिन जिस IYC के ये मुखिया हैं, उसी के कार्यकर्ताओं ने यह प्रदर्शन किया था, पहले तो प्रदर्शन करने वालों को गिरफ्तार किया गया और आज लंबी पूछताछ के बाद दिल्ली पुलिस ने उदय भानु चिब को भी गिरफ्तार कर लिया। आइए जानते हैं उदय भानु चिब के बारे में...

कौन हैं उदय भानु चिब

उदय भानु चिब वर्तमान समय में डियन यूथ कांग्रेस (IYC) के अध्यक्ष हैं। जम्मू कश्मीर से संबंध रखने वाले चिब ने कांग्रेस छात्र राजनीति से ही एंट्री की थी। उदय भानु चिब के पिता हरि सिंह चिब भी जम्मू कश्मीर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं। चिब जम्मू के पलौड़ा के रहने वाले हैं और राजपूत समुदाय से आते हैं।

कांग्रेस आलाकमान के करीबी

एक युवा नेता के तौर पर कांग्रेस में चिब का कद बड़ा है। छात्र राजनीति से कांग्रेस में जुड़ चिब अपने आक्रमक रणनीति के लिए जाने जाते हैं। यही कारण है कि कहा जाता है कि उदय भानु चिब को राहुल प्रियंका का करीबी माना जाता है। चिब की राजनीतिक कद का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वो जम्मू-कश्मीर चुनावों के लिए कांग्रेस की घोषणापत्र समिति के सदस्य रह चुके हैं।

ai summit iyc portest.

यूथ कांग्रेस का प्रदर्शन (फोटो- PTI)

उदय भानु चिब की राजनीतिक यात्रा

उदय भानु चिब ने छात्र राजनीति से अपनी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत कि और NSUI में सबसे पहले एक सदस्य के रूप में काम किया। इसके बाद इनका कद बढ़ते गया। पहले जम्मू कश्मीर NSUI के अध्यक्ष चुने गए, फिर राष्ट्रीय लेवल पर इनकी एंट्री हुई और NSUI के राष्ट्रीय महासचिव बने। इसके बाद चिब की एंट्री यूथ कांग्रेस में हो गई। यहां पहले वो जम्मू कश्मीर IYC के अध्यक्ष बने और फिर राष्ट्रीय लेवल पर IYC के महासचिव बने। इसके कुछ समय बाद उदय भानु चिब को IYC का अध्यक्ष बना दिया गया। जम्मू कश्मी से आने वाले वो दूसरे युवा नेता हैं जो इस पद तक पहुंचे हैं, इससे पहले गुलाम नबी आजाद इस पद पर रह चुके हैं।

शर्टलेस प्रदर्शन में कहां फंसे हैं उदय भानु चिब

भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। इनमें धारा 196 भी शामिल है, जो धर्म, जाति, जन्म स्थान, निवास या भाषा के आधार पर अलग-अलग समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने से जुड़ी है। यह गैर-जमानती धारा है। पुलिस के अनुसार, चिब पर आपराधिक साजिश, सरकारी कर्मचारी को ड्यूटी करने से रोकने के लिए चोट पहुंचाने, सरकारी काम में बाधा डालने, अवैध जमावड़े में शामिल होने और राष्ट्रीय एकता को नुकसान पहुंचाने जैसे आरोपों में भी धाराएं लगाई गई हैं। दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रोटेस्ट के पीछे एक ही इरादा था। पुलिस ने कहा कि चिब मास्टरमाइंड है; दूसरों को लॉजिस्टिक्स, शायद फंड दिए गए थे। अपने बेटे और IYC चीफ उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर रजनी बाला कहती हैं, "...मुझे अपने बेटे पर गर्व है। हमने सही रास्ता चुना है और सही काम करेंगे...आखिर में, सच की ही जीत होती है। मुझे कोई अफसोस नहीं है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि वे मेरे बेटे को कितने समय तक जेल में रखते हैं..."

uday bhanu chib

उदय भानु चिब (फोटो- udaybhanuchib.in)

शर्टलेस प्रदर्शन पर क्या बोले उदय भानु चिब

AI समिट में प्रदर्शन पर बात करते हुए, चिब ने पहले कहा था कि देश के युवा हाल ही में हुए इंडिया-US इंटरिम ट्रेड एग्रीमेंट पर "अब चुप नहीं रहेंगे", इसे देश के किसानों और जनता के साथ "धोखा" बताया। उन्होंने कहा- "इंडियन यूथ कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि देश के युवा अब चुप नहीं रहेंगे। 'PM कॉम्प्रोमाइज्ड है' सिर्फ एक नारा नहीं है, बल्कि लाखों बेरोजगार युवाओं का गुस्सा है। US के साथ यह ट्रेड डील हमारे किसानों और जनता के हितों के साथ धोखा है, जिससे सिर्फ US को फायदा होगा। डेमोक्रेसी में शांतिपूर्ण विरोध हमारा हक है, और हम युवाओं की आवाज उठाते रहेंगे।"

बचाव में उतरी कांग्रेस

चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस प्रेसिडेंट मल्लिकार्जुन खड़गे ने बीजेपी पर हमला करते हुए कहा कि जब कॉमनवेल्थ गेम्स चल रहे थे, तब नितिन गडकरी और BJP के दूसरे मेंबर क्या कर रहे थे? क्या ये लोग हर इवेंट में जाकर हंगामा नहीं करते थे? उस समय, उन्हें नेशनलिज्म के बारे में कोई आइडिया नहीं था। क्या उन्हें नेशनल सेंटिमेंट, देश को एक रखने और देश भर से आने वाले कई एथलीट्स को क्या मैसेज जाएगा, इसकी फिक्र नहीं थी? दूसरों को एजुकेट करने की कोशिश करना बंद करो, दूसरों को सिखाना बंद करो, और अपना खुद का बिहेवियर देखो। आईने में अपना चेहरा देखो, और तुम्हें पता चल जाएगा कि तुम्हारी हरकतें क्या हैं; हर कोई इसके बारे में जानता है। हमें मत सिखाओ। यूथ कांग्रेस मेंबर्स को परेशान करने के बजाय, तुम्हें उन्हें जाने देना चाहिए, और जो लोग ऐसी चीजें करते हैं, उन्हें तुरंत ऐसा करना बंद कर देना चाहिए...।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article