देश

घंटों की पूछताछ के बाद यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, 4 दिन की पुलिस हिरासत; AI Summit में शर्टलेस प्रोटेस्ट का है मामला

दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में AI समिट के दौरान हुए शर्टलेस प्रदर्शन के मामले में युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार किया है। उन्हें कई घंटे की पूछताछ के बाद हिरासत में लिया गया। कोर्ट ने उदय को 4 दिन की पुलिस हिरासत में भेजा है

Image

घंटों की पूछताछ के बाद यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब गिरफ्तार, 4 दिन की पुलिस हिरासत; AI Summit में शर्टलेस प्रोटेस्ट का है मामला

Uday Bhanu Chib Arrest: दिल्ली पुलिस ने भारत मंडपम में आयोजित 'इंडिया AI इम्पैक्ट समिट' के दौरान हुए हंगामे और 'शर्टलेस' (बिना शर्ट के) प्रदर्शन के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मंगलवार तड़के भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को गिरफ्तार कर लिया है।

घंटों की पूछताछ के बाद तड़के हुई गिरफ्तारी

दिल्ली पुलिस ने सोमवार सुबह उदय भानु चिब को पूछताछ के लिए तिलक मार्ग थाने बुलाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, उनसे इस प्रदर्शन की योजना और इसके पीछे के 'बड़े षड्यंत्र' को लेकर लंबी पूछताछ की गई। कांग्रेस नेताओं का दावा है कि मंगलवार तड़के करीब 4:30 बजे पुलिस ने उन्हें औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल तिलक मार्ग थाने के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है।

कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा

गिरफ्तारी के बाद उदय भानु चिब को पटियाला हाउस कोर्ट में न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया। दिल्ली पुलिस ने अदालत से चिब की सात दिन की हिरासत की मांग करते हुए कहा कि बतौर इंडियन यूथ कांग्रेस अध्यक्ष उन्होंने कथित रूप से प्रदर्शन की साजिश रची और प्रदर्शनकारियों को लॉजिस्टिक्स उपलब्ध कराया, जिसकी जांच के लिए पुलिस कस्टडी जरूरी है। वहीं, चिब की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता संजॉय घोष पेश हुए। उन्होंने दलील दी कि उनके मुवक्किल फरार नहीं हैं और दिल्ली में ही मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनकारी बिना हथियार, यहां तक कि बिना लाठी के वहां पहुंचे थे, ऐसे में इसे दंगा जैसी स्थिति बताना गलत है। घोष ने यह भी टिप्पणी की कि गंभीर अपराधों के बीच पुलिस टी-शर्ट बरामद करने को मुद्दा बना रही है, जो चिंताजनक है। कोर्ट ने उदय भानु चिब को 4 दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

क्या था पूरा मामला?

बीते शुक्रवार (20 फरवरी) को दिल्ली के भारत मंडपम में जब अंतरराष्ट्रीय AI समिट चल रही थी, तब युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता प्रदर्शनी हॉल के अंदर घुस गए थे। इन कार्यकर्ताओं ने अचानक अपनी शर्ट उतार दी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने 'PM is compromised' लिखे हुए टी-शर्ट और पोस्टर लहराए थे। पुलिस का आरोप है कि इन लोगों ने वैध पास के जरिए प्रवेश किया था, लेकिन अंदर जाकर कार्यक्रम में बाधा डाली।

कांग्रेस का पलटवार

उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पवन खेड़ा, भूपेश बघेल समेत कई कांग्रेस के नेताओं ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर उदय भानु चिब और बाकी सदस्यों की गिरफ्तारी को गैरकानूनी बताया और निंदा की। साथ ही इसे अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला भी बताया।

पवन खेड़ा ने भी उदय भानु चिब की गिरफ्तारी पर तीखी प्रतिक्रिया दी, उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने वाले से उन्हें परेशानी है। तानाशाह उसे आईना दिखाने वालों को जेल में डाल देता है। पुलवामा, पहलगाम हमले, लाल किला विस्फोट के पीछे सभी आतंकवादियों को गिरफ्तार कर लिया गया है? आप आतंकवादी हमलों के पीछे के लोगों को गिरफ्तार नहीं कर पा रहे हैं, लेकिन किसी के कपड़े उतारने पर डर जाते हैं। यही सरकार की सच्चाई है।"

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article