Sukhdev Singh Kang: इटली के लुसियाना (Lusiana) में स्थित सोनिया गांधी के बचपन के घर को म्यूजियम में बदलने की योजना को लेकर सिख कारोबारी सुखदेव सिंह कंग चर्चा में हैं। उन्होंने 2020 में यह छह कमरों वाला मकान खरीदा था और अब इसे संजोकर संग्रहालय का रूप देने की तैयारी में हैं। क्या है उनका मकसद और वह इटली कैसे पहुंचे, क्यों लिया घर खरीदने का फैसला, समझते हैं।
सुखदेव सिंह कंग
पंजाब से इटली तक का सफर
सुखदेव सिंह कंग मूल रूप से पंजाब के होशियारपुर जिले के जुहुरा गांव के रहने वाले हैं। वे 1992 में इटली चले गए थे और फिलहाल ब्रेसिया (Brescia) में रहते हैं, जो लुसियाना से करीब एक घंटे की ड्राइव पर है। अमृतसर दौरे के दौरान से समाचार एजेंसी से ANI से बातचीत में कंग ने कहा कि वे इस संपत्ति को खुद का घर नहीं मानते, बल्कि इसे 'सेवा' के रूप में संभाल रहे हैं। उनके मुताबिक, "यह मेरा घर नहीं है, यह उनका घर है। एक विनम्र सिख के तौर पर मैं सिर्फ सेवा कर रहा हूं। कंग और उनका परिवार इस मकान के रखरखाव पर सालाना करीब 1,000 यूरो खर्च कर रहे हैं। उनकी पत्नी और बेटी भी इस पहल को लेकर खासी उत्साहित हैं।
क्यों आया म्यूजियम बनाने का विचार?
कंग ने बताया कि 2020 में मकान खरीदने के कुछ समय बाद ही कोविड महामारी आ गई, जिसके बाद भीतर से नवीनीकरण का काम शुरू किया गया। उन्होंने कहा कि इस घर से 'मैडम जी' (सोनिया गांधी) की बचपन की यादें जुड़ी हैं क्योंकि उनका जन्म इसी घर में हुआ था। शुरुआत से ही परिवार की मंशा इसे म्यूजियम बनाने की रही है। कंग के अनुसार, खरीदते समय घर के भीतर का काफी हिस्सा मूल रूप में था—जिसमें पुराने फर्नीचर, पारिवारिक तस्वीरें, पुराना टेप रिकॉर्डर, रेडियो और पुरानी मेजें जैसी चीजें सुरक्षित मिलीं।
दादा-दादी की यादों से जुड़ी भावना
अपनी भावनात्मक पृष्ठभूमि साझा करते हुए कंग ने बताया कि उनके दादा-दादी का जन्म पाकिस्तान में हुआ था और वे हमेशा अपने पैतृक घर को दोबारा देखना चाहते थे, लेकिन उनकी दादी की यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। इसी अहसास से उन्हें लगता है कि सोनिया गांधी के लिए भी अपने बचपन के घर का वैसा ही भावनात्मक महत्व होगा।
सोनिया और राहुल गांधी के आने की उम्मीद
कंग का मानना है कि प्रस्तावित म्यूजियम से गांव में सैकड़ों पर्यटक आ सकते हैं और स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने सोनिया गांधी और राहुल गांधी से लुसियाना आने की अपील की और कहा कि स्थानीय लोग, इटली का सिख समुदाय और भारतीय प्रवासी उनके स्वागत के लिए उत्सुक हैं। कंग के मुताबिक, इलाके में सोनिया गांधी के बचपन के कुछ दोस्त आज भी रहते हैं, जिन्हें एक भारतीय सिख परिवार द्वारा यह घर खरीदे जाने के बाद उनके आने की उम्मीद और बढ़ गई है।
