Who Is Nirmala Yadav: अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को बुधवार को अपना पहला CEO मिला। इसके अलावा, तीन नए ट्रस्टी भी शामिल हुए। इनमें सबसे दिलचस्प बात तो यह है कि ट्रस्ट में दो सितंबर, 2026 को पहली महिला सदस्य की एंट्री हुई, जिनका राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) से लेकर राम मंदिर आंदोलन तक सीधा कनेक्शन है।
फिरोजाबाद में जश्न का माहौल
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की पहली महिला सदस्य के तौर पर डॉक्टर निर्मला यादव की नियुक्ति हुई। उनकी नियुक्ति की घोषणा के तत्काल बाद ही शिकोहाबाद में उनके आवास पर जश्न मनाया गया।
कौन हैं निर्मला यादव?
समाचार एजेंसी पीटीआई/भाषा के मुताबिक, एटा की मूल निवासी और शिकोहाबाद की रहने वाली निर्मला यादव ने 2021 में सेवानिवृत्त होने से पहले 2016 से 2021 तक फिरोजाबाद में महात्मा गांधी महिला परास्नातक महाविद्यालय की प्राचार्य के रूप में कार्य किया।
गांव में भव्य स्वागत की तैयारी
परिजनों के मुताबिक, निर्मला यादव साल 1974 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से जुड़ी रही हैं और उन्होंने राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया था। निर्मला यादव की ट्रस्टी के रूप में नियुक्ति की खबर के बाद लोग उन्हें बधाई देने के लिए उनके आवास पर पहुंचने लगे। निर्मला यादव की बहू सीमा यादव ने बताया कि गुरुवार को फिरोजाबाद पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा।
खुशी और गर्व की बात
निर्मला यादव को ट्रस्ट में ट्रस्टी के तौर पर जिम्मेदारी मिलने की उम्मीद नहीं थी। उन्होंने कहा, ''मैं पहली महिला ट्रस्टी के तौर पर यहां हूं, यह मेरे लिए खुशी और गर्व की बात है। राम मंदिर भारत और पूरी दुनिया के लिए आस्था का केंद्र है और मुझे इसकी जिम्मेदारी दी गई है।''
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: चढ़ावा चोरी मामले के बीच गोविंद देव गिरी को मिला प्रमोशन, राम मंदिर ट्रस्ट के बनाए गए महासचिव
ट्रस्ट को मिला पहला CEO
इसके अलावा, ट्रस्ट का पहला सीईओ मिलने के बाद देवरिया में जश्न का माहौल देखा गया। बुधवार को श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की बैठक के बाद एयर मार्शल (रिटायर) जितेंद्र मिश्रा को सीईओ के पद पर नियुक्त किया गया। ट्रस्ट की अहम बैठक में जितेंद्र मिश्रा को सीईओ, पूर्व कोषाध्यक्ष गोविंद देव गिरि को महासचिव और महेश भागचंदका को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इसके अलावा अयोध्या के वकील मदन मोहन पांडेय और दिल्ली के भागचंदका और निर्मला यादव को नए ट्रस्टी के रूप में शामिल किया गया है।
जितेंद्र मिश्रा के पुश्तैनी गांव में जश्न का माहौल
देवरिया के मूल निवासी एयर मार्शल (रिटायर) जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का पहला सीईओ नियुक्त किए जाने के बाद उनके पुश्तैनी गांव में जश्न का माहौल है। जितेंद्र मिश्रा देवरिया जिले की भाटपार रानी तहसील के भोपतपुरा गांव के रहने वाले हैं और मंदिर ट्रस्ट के सीईओ के रूप में उनकी नियुक्ति पर स्थानीय लोगों ने मिठाइयां बांटकर एक-दूसरे को बधाई दी और जश्न मनाया।
