Epstein Row: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और विवादित अमेरिकी फाइनेंसर जेफरी एपस्टीन की कथित तस्वीर को लेकर भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा। उन्होंने इस तस्वीर की टाइमिंग को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो की भारत यात्रा से जोड़ते हुए सवाल उठाया कि आखिर किसे ब्लैकमेल किया जा रहा है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (फाइल फोटो)
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''रुबियो मुंबई पहुंचे। US DOJ ने एपस्टीन और पुरी की तस्वीर जारी की। प्रिय भाजपा और आरएसएस कार्यकर्ताओं, आपको क्या लगता है - ये किस देश-विरोधी गद्दार को ब्लैकमेल कर रहे हैं?''
कांग्रेस ने PM मोदी-शाह की चुप्पी पर उठाए सवाल
इस मामले में कांग्रेस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तथा गृह मंत्री अमित शाह की 'चुप्पी' पर सवाल खड़े किए। कांग्रेस इस साल की शुरुआत से ही अमेरिका में जारी 'एपस्टीन फाइल्स' में पुरी का नाम होने का दावा करते हुए उनके इस्तीफे की मांग कर रही है। पुरी मुख्य विपक्षी दल के आरोपों को पहले खारिज कर चुके हैं।
कांग्रेस के कई नेताओं और 'एक्स' यूजर ने एक तस्वीर साझा की, जिसमें पुरी और एपस्टीन आमने-सामने बैठे नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर की तिथि के बारे में कुछ नहीं बताया गया है। खबरों के मुताबिक, यह तस्वीर अमेरिकी न्याय विभाग ने जारी की है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: कौन कितनी सीटों पर लड़ेगा चुनाव? INDIA ब्लॉक में हो रही चर्चा, कांग्रेस बोली- समझौता होगा सम्मानजनक
कांग्रेस के संगठन महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने तस्वीर साझा करते हुए आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पुरी के एपस्टीन से कथित संबंधों की जानकारी होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और गृह मंत्री अमित शाह की 'चुप्पी और निष्क्रियता' गंभीर सवाल खड़े करती है तथा उनकी 'आपराधिक उदासीनता' को दर्शाती है।
'एपस्टीन और पुरी के बीच हुईं 14 बैठकें'
कांग्रेस के मीडिया एवं प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने दावा किया कि तस्वीर ने पुरी के उस बचाव पर सवाल खड़े कर दिए हैं कि वह एपस्टीन से केवल एक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य के रूप में मिले थे। खेड़ा ने दावा किया कि अमेरिकी न्याय विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध 'एपस्टीन फाइल्स' के अनुसार, 2014 से 2017 के बीच एपस्टीन और पुरी के बीच कम से कम 62 ईमेल का आदान-प्रदान हुआ तथा 14 बैठकें हुईं।
पुरी ने इससे पहले कहा था कि वह एपस्टीन से ’’कुछ मौकों’’ पर मिले थे, लेकिन उसके साथ उनकी बातचीत और उसके अपराधों से कोई वास्ता नहीं है।
