देश

'PM मोदी कब आएंगे मणिपुर', SC जजों के दौरे के बीच कांग्रेस ने उठाया सवाल; कहा- सैकड़ों लोगों की हो चुकी है मौत

Manipur Unrest: कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने शनिवार को मणिपुर का दौरा करने वाले सुप्रीम कोर्ट के जजों के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने यह सवाल पूछा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कब आएंगे। उन्होंने कहा कि हम मणिपुर गए छह जजों के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हैं। पिछले 22 महीनों में सैकड़ों लोग मारे गए, लगभग 60 हजार लोग विस्थापित हुए और राहत शिविरों में रहने के लिए मजबूर हैं।

Image

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश (फाइल फोटो)

Manipur Unrest: मणिपुर में हो रही एक के बाद एक घटनाओं ने देश भर का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया है। जातीय हिंसा की खबरें यहां से लगातार सामने आती रही हैं। इस बीच, सुप्रीम कोर्ट के जजों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को इंफाल पहुंचा, जहां पर वह जातीय हिंसा के कारण विस्थापित हुए लोगों से मुलाकात करेंगे। कांग्रेस ने इस पहल की सराहना की। साथ ही नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए पूछा कि पीएम मोदी मणिपुर कब आएंगे?

कांग्रेस ने क्या कुछ कहा?

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने मणिपुर दौरे पर आए सुप्रीम कोर्ट के जजों के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। साथ ही उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राज्य का दौरा कब करेंगे। समाचार एजेंसी एएआई के साथ बातचीत में जयराम रमेश ने कहा, ''हम मणिपुर गए छह जजों के प्रतिनिधिमंडल का स्वागत करते हैं। पिछले 22 महीनों में सैकड़ों लोग मारे गए, लगभग 60 हजार लोग विस्थापित हुए और राहत शिविरों में रहने के लिए मजबूर हैं। आज भी मणिपुर में समुदायों के बीच डर और संदेह का माहौल है।''

उन्होंने कहा कि मणिपुर में 13 फरवरी को राष्ट्रपति शासन लागू हो गया, लेकिन सवाल यह उठता है कि एक अगस्त, 2023 को खुद सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि मणिपुर में संवैधानिक व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है, फिर भी राष्ट्रपति शासन लगाने में 18 माह क्यों लगे? यह अच्छा है कि सुप्रीम कोर्ट के जज वहां गए हैं, लेकिन बड़ा सवाल यह है कि प्रधानमंत्री कब आएंगे?

राहत शिविरों का दौरा

सुप्रीम कोर्ट के जजों के एक प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को चुराचांदपुर के एक राहत शिविर का दौरा किया। इस प्रतिनिधिमंडल में जस्टिस बीआर गवई, सूर्यकांत, विक्रम नाथ, एमएम सुंदरेश, केवी विश्वनाथन और एन कोटेश्वर शामिल थे। इससे पहले जस्टिस बीआर गवई के नेतृत्व में सुप्रीम कोर्ट के प्रतिनिधिमंडल का एयरपोर्ट पर राज्य के वकीलों ने गर्मजोशी से स्वागत किया था।

अमित शाह पर भी बरसे जयराम रमेश

जयराम रमेश ने गृह मंत्रालय के कामकाज पर चर्चा के दौरान मणिपुर की स्थिति को संबोधित नहीं करने के लिए गृह मंत्री अमित शाह की भी आलोचना की। उन्होंने कहा, ''कल गृह मंत्री ने MHA के कामकाज के बार में राज्यसभा में करीब चार घंटे तक जवाब दिया, लेकिन उन्होंने मणिपुर के बारे में ज्यादा कुछ नहीं कहा। फरवरी 2022 में राजग ने भारी बहुमत से चुनाव जीता, लेकिन 15 माह के भीतर ही मणिपुर जलने लगा। इसका कोई जवाब नहीं है।''

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article