Punjab Bus Attack: पंजाब में एक बार फिर से हिमाचल प्रदेश की बसों को निशाना बनाया गया। इस बार अमृतसर में एचआरसीटी की 4 बसों पर भिंडरावाला समर्थकों ने हमला कर दिया। इस दौरान बसों के शीशे क्षतिग्रस्त किए गए और उस पर खालिस्तान लिखा गया। इस घटनाक्रम के बाद एक बार फिर से हिमाचल प्रदेश की बसों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं।
हिमाचल CM ने दिया था आश्वासन
हाल ही में हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के आश्वासन के बाद भी पंजाब में एचआरटीसी बसों पर हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, अमृतसर बस स्टैंड पर एचआरटीसी बसों को निशाना बनाया गया। इस घटना के बाद एक वीडियो भी सामने आया जिसमें देखा जा सकता है कि बस के फ्रंट शीशे पर हमला किया गया है। साथ ही ड्राइवर सीट वाली खिड़की पर पंजाबी में खालिस्तान लिखा गया है।
एचआरटीसी की तरफ से मिली जानकारी के अनुसार, बिलासपुर, ऊना, देहरा और हमीरपुर डिपो की बसों पर हमला हुआ, जो बस स्टैंड में खड़ी थी। इनमें दो बसों के शीशे तोड़े गए और दो बसों पर स्लोगन लिखे गए हैं।
