CM Devendra Fadnavis on Assembly Speaker Election: देवेंद्र फडणवीस ने महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली, उनके साथ एकनाथ शिंदे और अजित पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। लेकिन सबसे बड़ा सवाल अभी बरकरार है। फडणवीस सरकार में कौन-कौन मंत्री बनेगा, शिंदे की शिवसेना और पवार की एनसीपी से कितने मंत्री बनाए जाएंगे? फिलहाल इस सवाल के जवाब के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन सीएम फडणवीस ने ये जरूर बता दिया है कि मंत्री परिषद का विस्तार कब तक किया जाएगा।
देवेंद्र फडणवीस, मुख्यमंत्री, महाराष्ट्र
'महाराष्ट्र में बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति होगी'
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सीएम पद की शपथ लेने के बाद कहा कि वह अगले पांच साल तक प्रदेश में स्थिर सरकार देंगे और उनके नेतृत्व में राज्य में बदले की नहीं, बल्कि बदलाव की राजनीति होगी। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहले संवाददाता सम्मेलन में फडणवीस ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनाव में लोगों का जनादेश उनकी उम्मीदों और प्यार को दर्शाता है तथा वह उनकी उम्मीदों का दबाव महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र सामाजिक, बुनियादी ढांचे, औद्योगिक क्षेत्रों में समान गति से आगे बढ़ेगा।
कब होगा विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव और मंत्रिमंडल विस्तार?
मुख्यमंत्री ने कहा कि सात दिसंबर से शुरू होने वाले सदन के तीन दिवसीय विशेष सत्र के दौरान नौ दिसंबर को नए विधानसभा अध्यक्ष का चुनाव होगा। फडणवीस ने कहा कि नयी मंत्रिपरिषद का विस्तार राज्य विधानमंडल के शीतकालीन सत्र से पहले किया जाएगा, जो इस महीने के अंत में नागपुर में आयोजित किया जाएगा।
एकनाथ शिंदे ने फडणवीस के लिए कह दी ये बड़ी बात
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मीडिया से बातचीत करते हुए ये कहा कि जब मैं मुख्यमंत्री था तो एक आम आदमी की तरह काम करता था, आगे भी इसी तरह (कार्य) करता रहूंगा। उन्होंने आगे कहा कि उपमुख्यमंत्री के रूप में मैं आम आदमी के प्रति समर्पित होकर काम करूंगा। सीएम फडणवीस के बारे में बात करते हुए डिप्टी सीएम शिंदे ने कहा कि मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को हर संभव सहयोग दूंगा।
