US Tariffs on India: विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने अमेरिका द्वारा भारतीय वस्तुओं पर लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ को गलत और अनुचित बताया। उन्होंने कहा कि हमारी अर्थव्यवस्था मजबूत है और हमारी सरकार यह सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही है कि इसका असर हमारे देशवासियों पर बिल्कुल भी न पड़े।
क्या कुछ बोले कीर्ति वर्धन सिंह?
समाचार एजेंसी एएनआई की रिपोर्ट के मुताबिक, कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि अमेरिका ने जो किया वह गलत और अनुचित है। उन्होंने जो कारण बताए और जो आरोप हम पर लगाए हैं, वह पूरी तरह से गलत हैं। ऐसे कई देश हैं, जो उन देशों से तेल आयात करते हैं जिन पर अमेरिका को आपत्ति है, लेकिन क्या अमेरिका ने उन देशों पर ऐसे टैरिफ लगाए हैं?
ट्रंप प्रशासन की ओर से किसानों से जुड़ी वस्तुओं सहित अन्य भारतीय वस्तुओं पर लगाया गया 50 फीसदी टैरिफ अमेरिकी सीमा शुल्क और सीमा सुरक्षा (CBP) द्वारा जारी एक नोटिस के बाद बुधवार को लागू हो गया। दरअसल, अमेरिका ने रूसी तेल खरीद का हवाला देते हुए भारत पर दंडात्मक टैरिफ लगाया, लेकिन भारत ने कई मौकों पर साफ कर दिया वह किसानों के हितों से समझौता करने वाला नहीं है।
हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने जोर देकर कहा था कि उनकी सरकार छोटे उद्यमियों, किसानों और पशुपालकों को इन टैरिफ के प्रभाव से बचाएगी। साथ ही उन्होंने अर्थव्यवस्था के कमजोर वर्गों की रक्षा के प्रयासों का उल्लेख किया था।
