दुनिया

जापान में 'भारत माता की जय' की गूंज, गायत्री मंत्र से हुआ PM मोदी का स्वागत; जापानी कलाकरों ने सुनाया लोक गीत

India Japan Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15वें भारत- जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शुक्रवार को टोक्यो पहुंचे, जहां के हानेडा एयरपोर्ट पर उनका स्वागत हुआ। यह लगभग सात वर्षों में उनकी पहली एकल जापान यात्रा है। उन्होंने कहा कि वह प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ बातचीत के लिए उत्सुक है।

Image

पीएम मोदी की दो दिवसीय जापान यात्रा (फोटो साभार: @MEAIndia)

Photo : Twitter

India Japan Ties: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15वें भारत- जापान वार्षिक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर शुक्रवार को टोक्यो पहुंचे, जहां उनका गर्मजोशी से स्वागत हुआ। जापानी समुदाय के लोगों ने गायंत्री मंत्र सहित अन्य मंत्रों के जरिए पीएम मोदी का स्वागत किया, जबकि एक अन्य जापानी कलाकारों ने हिंदी भाषा में स्वागत किया और गीत और नृत्य की प्रस्तुति दी।

पीएम मोदी का यह लगभग सात वर्षों में उनकी पहली एकल जापान यात्रा है, जिसका उद्देश्य द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करना तथा जापान के साथ विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी को आगे बढ़ाना है।

पीएम मोदी ने एक्स के जरिए टोक्यो पहुंचने की जानकारी दी। उन्होंने कहा, ''भारत और जापान अपने विकासात्मक सहयोग को सुदृढ़ कर रहे हैं। मैं इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा और अन्य लोगों संग बातचीत के लिए उत्सुक हूं, जिससे मौजूदा साझेदारियों को और मजबूत करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने के अवसर मिलेंगे।''

शिगेरू इशिबा से मिलेंगे PM मोदी

पीएम मोदी 29-30 अगस्त को जापान यात्रा के दौरान जापान के प्रधानमंत्री शिगेरू इशिबा के साथ वार्षिक शिखर वार्ता करेंगे। पीएम मोदी की जापान और चीन की यात्रा ऐसे समय में हो रही है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार और शुल्क नीतियों के कारण भारत-अमेरिका संबंधों में तनाव पैदा हो गया है।

प्रधानमंत्री ने जापान यात्रा पर कहा कि हम अपनी विशेष रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी के अगले चरण को आकार देने पर ध्यान केंद्रित करेंगे। दोनों देशों के बीच साझेदारी ने पिछले 11 वर्षों में लगातार और महत्वपूर्ण प्रगति की है। उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने सहयोग को नयी उड़ान देने, आर्थिक व निवेश संबंधों के दायरे एवं महत्वाकांक्षाओं का विस्तार करने, कृत्रिम मेधा (एआई) व सेमीकंडक्टर सहित नयी और उभरती प्रौद्योगिकियों में सहयोग को आगे बढ़ाने का प्रयास करेंगे।’’

जापान से चीन जाएंगे PM मोदी

जापान से मोदी 31 अगस्त से दो दिवसीय यात्रा पर चीन के शहर तियानजिन जाएंगे। रविवार को प्रधानमंत्री चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के साथ वार्ता करेंगे, जिसमें पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद के बाद द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने के लिए आगे के कदमों पर ध्यान केंद्रित करने की संभावना है।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article