Weather Update: उत्तराखंड में भारी बारिश का रेड अलर्ट, पूर्वोत्तर में ऑरेंज अलर्ट, हिमाचल में भूस्खलन से हाइवे बंद

  • Authored by: रामानुज सिंह
  • Updated Aug 12, 2023, 01:36 PM IST

Weather Update: भारत मौसम विभाग (IMD) ने उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। हिमाचल में भी बारिश होने की संभावना है। जबकि अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

Weather Update: भारत मौसम विभाग (IMD) ने 13 अगस्त और 14 अगस्त को उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। उधर उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा रूट पर भूस्खलन के मलबे के नीचे दबकर गुजरात के तीन श्रद्धालुओं समेत पांच लोगों की मौत हो गई। वहीं मौसम विभाग के राज्य के छह जिलों में अगले कुछ दिन भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को लोगों, खासकर पर्यटकों को इस दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी। धामी ने बारिश से प्रभावित कोटद्वार क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आपदाग्रस्त क्षेत्र में जल्द संपर्क बहाल करने के निर्देश दिए। उधर हिमाचल प्रदेश में पुलिस ने कहा कि भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश से गुजरने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 5 को राज्य के सोलन जिले में परवानू के पास चक्की मोड़ पर अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। अधिकारियों ने आगे कहा कि बहाली का काम चल रहा है। मंडी के ऊपर बादल मंडरा रहे हैं क्योंकि क्षेत्र में भारी वर्षा जारी है। उधर आईएमडी ने अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि 12 अगस्त को राज्यों में 115.6 से 204.4 मिमी तक बहुत तेज बारिश होने की संभावना है।

weather alert, weather update, rain update

कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी

रुद्रप्रयाग जिले में केदारनाथ यात्रा मार्ग पर फाटा क्षेत्र के तरसाली में भूस्खलन के मलबे के नीचे दबी एक कार में सवार पांच लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार सुबह बारिश रुकने के बाद बोल्डर को हटाए जाने पर मलबे में दबी कार के अंदर से पांच शवों को निकाला गया। पुलिस के अनुसार, फाटा से सोनप्रयाग की तरफ जा रही कार पहाड़ से हुए भूस्खलन की चपेट में आ गई। उधर, मुख्यमंत्री ने पौड़ी जिले के कोटद्वार के आपदाग्रस्त क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया और अधिकारियों को आपदाग्रस्त क्षेत्र में बाधित हुए सड़क संपर्क को युद्धस्तर पर बहाल करने तथा प्रभावितों को जरूरी सुविधाएं प्रदान करने के निर्देश दिए। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष और स्थानीय विधायक रितु खंडूरी भी उनके साथ मौजूद रहीं।

End of Feed