7 July Weather Forecast in Hindi: शुक्रवार 7 जुलाई 2023 को देश के कई हिस्सो में बारिश होने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग के अनुसार गुजरात और राजस्थान में भारी बारिश हो सकती है। साथ ही दिल्ली समेत देश के कई राज्यों के लिए भी मौसम विभाग ने बारिश का अनुमान जताया है।
आज का मौसम
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में मानसून की सक्रियता के चलते आगामी दिनों में पूर्वी हिस्सों के अधिकांश भागों और पश्चिमी हिस्सों के बीकानेर और जोधपुर संभाग के अधिकांश भागों में हल्की से मध्यम दर्जे की और कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने राज्य के पूर्वी भाग के अधिकांश हिस्सों और पश्चिमी भाग के बीकानेर और जोधपुर संभाग में आगामी चार पांच दिनों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कहीं-कहीं भारी बारिश व एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की प्रबल संभावना जताई है। विभाग के अनुसार पिछले चौबीस घंटों में राज्य के कुछ भागों में हल्की से मध्यम बारिश जबकि करौली जिले में कहीं कहीं मूसलाधार बारिश व बांसवाड़ा, भरतपुर, डूंगरपुर, व जयपुर जिले में कहीं कहीं भारी बारिश दर्ज की गई। विभाग ने आगामी दो दिनों में पूर्वी हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट और पश्चिमी हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है।
गुजरात का मौसम
मौसम विभाग के अनुसार अगले पांच दिनों तक गुजरात में भारी बारिश के आसार हैं। कई जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। कच्छ कलेक्टर ने उन जिलों के लिए गुजरात का नक्शा जारी किया है जहां ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें जूनागढ़, गिर सोमनाथ, अमरेली, नवसारी, दमन और वलसाड शामिल हैं। इन जिलों में कल से भारी से बहुत अधिक बारिश होने की संभावना है।
दिल्ली का मौसम
दिल्ली में गुरुवार को झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक दिल्ली में भी बारिश का अनुमान जताया गया है। शुक्रवार को दिल्ली में बारिश के साथ-साथ आंधी भी आ सकती है।
बाकी राज्यों का हाल
इन राज्यों के अलावा केरल, गोवा, महाराष्ट्र और कर्नाटक में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। साथ ही यूपी, बिहार, असम, छत्तीसगढ़, मध्यप्रदेश में हल्की बारिश का अनुमान जताया गया है।
