Pahalgam Terror Attack: जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अपने चरम पर है। भारत ने पाकिस्तान पर कई प्रतिबंध भी लगाए हैं जिनमें सिंधु जल समझौते का निलंबन, पाकिस्तानी विमानों के लिए एयरस्पेस इत्यादि शामिल है। इस बीच, जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस (JKNC) प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने सिंधु के पानी को लेकर बड़ा बयान दिया।
क्या कुछ बोले फारूक अब्दुल्ला?
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि हिंदुस्तान गांधी का देश है। हमने उन्हें (पाकिस्तान को) धमकी दी है कि हम पानी रोक देंगे, लेकिन हम उन्हें मारेंगे नहीं। हम उनके जैसे क्रूर नहीं हैं...
उन्होंने कहा कि जब सिंधु जल संधि पर हस्ताक्षर किए गए थे, तब जम्मू-कश्मीर के लोगों को विश्वास में नहीं लिया गया था। इस संधि के कारण जम्मू-कश्मीर को सबसे बड़ा नुकसान हुआ है। मैं भारत सरकार से अपील करता हूं कि वह उस पानी को जम्मू के लोगों तक पहुंचाने की योजना पर काम करे...
फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि जिन लोगों ने यहां अपनी जान गंवाई, मैं उस दुल्हन से कहना चाहता हूं जिसकी शादी अभी 6 दिन पहले हुई है, उस बच्चे से जिसने अपने पिता को खून से लथपथ देखा... हम भी रोए थे। हमने भी खाना नहीं खाया, नींद नहीं आई। ऐसे दरिंदे आज भी हैं, जो इंसानियत का कत्ल करते हैं... वे इंसान नहीं हैं। वे खुद का मुसलमान कहते हैं, लेकिन मुझे लगता है कि वे मुसलमान नहीं हैं...
उन्होंने कहा कि हम सभी उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने आतंकवाद के कारण दुख झेला है। मैं उन्हें आश्वस्त करना चाहता हूं कि उनकी कुर्बानियां व्यर्थ नहीं जाएंगी, सबका बदला लिया जाएगा... हमें अब इसे (आतंकवाद) जड़ से उखाड़ फेंकने की जरूरत है। हम इसे 35 साल से देख रहे हैं...
पहलगाम में आतंकियों ने अंधाधुंध चलाईं गोलियां
बता दें आतंकियों ने 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन घाटी में लोगों (ज्यादातर पर्यटक) पर अंधाधुंध गोलियां चलाईं थीं। हमले में कम से कम 26 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। प्रतिबंधित आतंकवादी समूह 'लश्कर-ए-तैयबा' से जुड़े 'टीआरएफ' ने इस हमले की जिम्मेदारी ली।
