अमेरिकी राजदूत गार्सेटी बोले, हम प्रधानमंत्री मोदी के US दौरे को लेकर बेहद उत्साहित

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated May 30, 2023, 09:28 PM IST

उन्होंने कहा कि भारत-अमेरिका साझेदारी वर्तमान भू-राजनीतिक हालात के संदर्भ में दुनिया के लिए काफी महत्वपूर्ण है। गार्सेटी ने कहा कि यह साझेदारी न केवल दोनों देशों के लिए बल्कि विश्व के लिए भी फायदेमंद है।

PM Modi US Visit: प्रधानमंत्री मोदी की आगामी अमेरिका यात्रा को लेकर अमेरिका भी खासा उत्साहित है। अमेरिकी राजदूत एरिक गार्सेटी ने मंगलवार को कहा कि अमेरिका ने भारत को मित्रता और रणनीतिक साझेदारी की ऐसी गहराई दी है जो दुनिया में बेजोड़ है और अगले महीने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की वाशिंगटन यात्रा के दौरान इसका और विस्तार होने की उम्मीद है। गार्सेटी ने पीटीआई-भाषा को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि दोनों देश रक्षा सहयोग को मजबूत करने के लिए कुछ समझौतों पर काम कर रहे हैं और मोदी के अमेरिका दौरे या अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के सितंबर में जी-20 शिखर सम्मेलन के लिए भारत आने पर उनके मजबूत होने की संभावना है।

भारत द्वारा चीन से अपनी सीमा के साथ-साथ समुद्री क्षेत्र में चुनौतियों का सामना करने से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि नयी दिल्ली वाशिंगटन पर निर्भर रह सकती है क्योंकि यह सीमाओं, संप्रभुता और कानून के शासन का सम्मान करने के लिए खड़ा है। गार्सेटी ने कहा, हम इन सिद्धांतों की रक्षा और बचाव करेंगे। अगर कोई देश सोचता है कि वह एकतरफा यथास्थिति को बदल सकता है, तो यह हम सभी के लिए अस्वीकार्य है। हम कार्रवाई को भी रोकना चाहते हैं। हम भारत और अमेरिका दोनों देशों के लिए चीन के साथ अधिक शांतिपूर्ण संबंध देखना चाहेंगे। साथ ही गार्सेटी ने जोर दिया कि किसी के धौंस जमाने की हरकत स्वीकार्य नहीं होगी।

End of Feed