देश

'विदेश नीति पर सवाल उठाने की बजाय मंडी के मुद्दों को उठाएं कंगना', किसानों पर बयान के बाद विक्रमादित्य ने BJP सांसद को घेरा

Vikramaditya Singh : कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने भी मंडी की सांसद पर निशाना साधा है। विक्रमादित्य ने मंगलवार को कहा कि यह कंगना का मानसिक दिवालियापन दिखाता है, उन्हें इधर-उधर का बात करने की जगह जहां से वह चुनकर आई हैं, वहां के मुद्दों को उठाना चाहिए।

Image

भारत में किसानों के प्रदर्शन पर दिए बयान पर घिरीं हैं कंगना।

KEY HIGHLIGHTS
  • पंजाब में किसान आंदोलन पर बयान देकर विवादों में आई कंगना रनौत
  • भाजपा सांसद पर विपक्ष हमलावर है, विक्रमादित्य सिंह ने हमला बोला
  • कांग्रेस नेता ने कहा कि बिना जानकारी के कंगना बयान देने की आदी हैं

Vikramaditya Singh : पंजाब के किसानों पर बयान देने के बाद मंडी से भाजपा सांसद एवं अभिनेत्री कंगना रनौत विपक्ष के निशाने पर हैं। यहां तक कि कंगना के इस बयान से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भी किनारा करते हुए उन्हें इस तरह का बयान न देने की हिदायत दी है। अब कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह ने भी मंडी की सांसद पर निशाना साधा है। विक्रमादित्य ने मंगलवार को कहा कि यह कंगना का मानसिक दिवालियापन दिखाता है, उन्हें इधर-उधर का बात करने की जगह जहां से वह चुनकर आई हैं, वहां के मुद्दों को उठाना चाहिए।

मंडी के मुद्दों पर बोलें कंगना-विक्रमादित्य सिंह

हिमाचल सरकार में मंत्री ने कहा, 'मंडी की सांसद ने जो बयान दिया है, वह उनकी मानसिक दिवालियापन को दिखाता है। बिना किसी जानकारी के उन्होंने अपनी ही सरकार की विदेश नीति पर सवाल उठाया है। कंगना का कहना है कि हरियाणा में चीन और अमेरिका दखल दे रहे हैं। मैं विदेश मंत्री एस जयशंकर से पूछना चाहता हूं कि वे कंगना के बारे में क्या सोचते हैं। विदेश नीति और इस तरह के मुद्दों में पड़ने की जगह कंगना जहां से हिमाचल और मंडी से सांसद चुनी गई हैं, वहां के मुद्दों पर बोलना चाहिए।'

बांग्लादेश जैसी स्थिति पैदा हो सकती थी-कंगना

दरअसल, एक समाचार पत्र से बातचीत में कंगना ने किसान आंदोलन के बारे में बयान दिया। अपने इस साक्षात्कार की एक क्लिप उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट की जिसमें उन्होंने कहा था कि 'अगर देश का नेतृत्व मजबूत नहीं होता तो भारत में भी ‘बांग्लादेश जैसी स्थिति’पैदा हो सकती थी। उन्होंने यह भी दावा किया कि किसानों के प्रदर्शन के दौरान ‘लाशें लटकी थी और दुष्कर्म की घटनाएं हो रही थीं।’ उन्होंने ‘षड्यंत्र’में चीन और अमेरिका के शामिल होने का आरोप लगाया।

भाजपा ने कंगना के बयान से किनारा किया

हालांकि, विवाद बढ़ने पर भाजपा ने कंगना के बयान से असहमति जताते हुए किनारा कर लिया। भाजपा के केंद्रीय मीडिया विभाग की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ‘सांसद कंगना रनौत द्वारा किसान आंदोलन के परिप्रेक्ष्य में दिया गया बयान, पार्टी का मत नहीं है। भाजपा कंगना रनौत के बयान से असहमति व्यक्त करती है। पार्टी की ओर से, पार्टी के नीतिगत विषयों पर बोलने के लिए कंगना रनौत को न तो अनुमति है और न ही वे बयान देने के लिए अधिकृत हैं।’ भाजपा के रनौत की टिप्पणी से खुद को अलग कर लेने के बीच कांग्रेस ने सत्तारूढ़ पार्टी से कहा कि यदि वह वास्तव में रनौत के विचारों से असहमत है तो उन्हें पार्टी से निष्कासित किया जाए।

राहुल बोले-भाजपा किसानों के खिलाफ

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने सोमवार को कहा कि भाजपा सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत का विवादित बयान भाजपा की किसान विरोधी नीति एवं नीयत का एक और सबूत है। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि किसानों से किए वादों को पूरा करने में नाकाम मोदी सरकार का दुष्प्रचार तंत्र लगातार किसानों का अपमान करने में जुटा हुआ है।

Alok Rao
आलोक कुमार रावauthor

19 वर्षों से मीडिया जगत में सक्रिय आलोक राव ने प्रिंट, न्यूज एजेंसी, टीवी और डिजिटल चारों ही माध्यमों में काम किया है। इस लंबे अनुभव ने उन्हें समाचारों की समझ, प्रेजेंटेशन, डिटेलिंग और न्यूजरूम डायनेमिक्स में असाधारण दक्षता प्रदान की है। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों में विशेष रुचि रखने के साथ-साथ जियो-पॉलिटिक्स एवं डिफेंस की स्टोरीज में इनकी खासी दिलचस्पी है। आलोक ने अलग-अलग माध्यमों में काम करते हुए समाचारों की समझ, प्रस्तुति और विश्लेषण में मजबूत दक्षता विकसित की है और अब तक 25,000 से अधिक आर्टिकल तैयार कर चुके हैं। तथ्यों की गहन जांच, मजबूत न्यूज सेंस और तेज निर्णय क्षमता उनकी पत्रकारिता की प्रमुख खासियतें हैं।

और पढ़ें
End of Article