Nana Patekar Passes Away: वेटरन अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से देश में शोक की लहर दौड़ गई है। नाना की असमय विदाई पर दिग्गज नेताओं ने हैरानी जताते हुए शोक जाहिर किया है। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तक सियासी दिग्गजों ने महान अभिनेता के निधन पर गहरा दुख जताया है। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी तक, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, जेपी नड्डा, मल्लिकार्जुन खरगे सहित तमाम सियासी दिग्गजों ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक और दुख जताया है।
नाना पाटेकर के निधन से शोक की लहर
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा- मुझे गहरा दुख पहुंचा
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने नाना पाटेकर के निधन पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने एक्स पर लिखा- दिग्गज अभिनेता श्री नाना पाटेकर के निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। अपने सशक्त और भावपूर्ण अभिनय से उन्होंने मानवीय अनुभवों की एक विस्तृत श्रृंखला को जीवंत कर दिया। उन्होंने ऐसे पात्रों का चित्रण किया जिन्होंने लोगों के दिलों और दिमाग पर अमिट छाप छोड़ी। समाज सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता वंचितों के प्रति उनकी चिंता को दर्शाती थी। उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। मैं उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।
पीएम मोदी बोले- नाना के किरदार पीढ़ियों तक याद रहेंगे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने दर्शकों को ऐसे किरदार दिए जो पीढ़ियों तक याद रहेंगे। पीएम मोदी ने X पर एक पोस्ट में कहा, बहुत कम अभिनेताओं में श्री नाना पाटेकर जी जैसी तीव्रता, व्यक्तित्व और अचूक उपस्थिति थी। उन्होंने हर भूमिका में उल्लेखनीय बहुमुखी प्रतिभा और रचनात्मकता का परिचय दिया और हमें ऐसे किरदार दिए जो पीढ़ियों तक याद रहेंगे। पाटेकर अपने स्पष्टवादी और बेबाक विचारों के लिए भी प्रशंसित थे, वे अपने विश्वासों को व्यक्त करने में कभी संकोच नहीं करते थे। हिंदी और मराठी सिनेमा में श्री नाना पाटेकर का योगदान अपार था। उनके निधन से एक गहरा शून्य उत्पन्न हो गया है। उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।
सीएम योगी ने जताया दुख
सीएम योगी ने दुख जताते हुए एक्स पर कहा- प्रख्यात अभिनेता, रंगमंच के सशक्त कलाकार एवं संवेदनशील समाजसेवी, 'पद्म श्री' नाना पाटेकर जी का निधन कला जगत की अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपने विलक्षण अभिनय से भारतीय सिनेमा को समृद्ध किया और अपने सामाजिक सरोकारों से समाज के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को भी अभिव्यक्त किया। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान तथा शोकाकुल परिजनों एवं प्रशंसकों को यह दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें।
निधन की खबर बेहद दुखद, बोले गडकरी
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन की खबर बेहद दुखद और चौंकाने वाली है। मेरी ओर से उन्हें हार्दिक श्रद्धांजलि। नाना और मेरा बहुत घनिष्ठ और मैत्रीपूर्ण संबंध था। अपने दमदार अभिनय से नाना पाटेकर ने पांच दशकों से अधिक समय तक मराठी और हिंदी फिल्मों के माध्यम से दर्शकों के दिलों पर राज किया। अपनी अनूठी संवाद शैली से उन्होंने फिल्मों में कई किरदारों को अमर कर दिया और अपनी एक अलग पहचान बनाई। उनका निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी क्षति है। महाराष्ट्र के ग्रामीण क्षेत्रों में 'नाम फाउंडेशन' के माध्यम से जल संरक्षण और भंडारण के क्षेत्र में उन्होंने जो कार्य किया है, वह सराहनीय और महत्वपूर्ण है। आत्महत्या करने वाले किसानों के परिवारों को उन्होंने जो सहायता प्रदान की, वह अनेक परिवारों के लिए सहारा बनी। नाना एक महान कलाकार-अभिनेता होने के साथ-साथ समाज के प्रति संवेदनशील व्यक्तित्व भी थे। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। ओम शांति।
सीएम सुवेंदु अधिकारी बोले- दिल टूट गया
प. बंगाल के सीएम सुवेंदु अधिकारी ने कहा, महान अभिनेता श्री नाना पाटेकर जी के अचानक निधन की दुखद खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है और दिल टूट गया है। भारतीय सिनेमा ने अपनी एक सबसे सशक्त, सच्ची और अपूरणीय आवाज खो दी है। नाना जी ने सिर्फ किरदार नहीं निभाए; उन्होंने हर किरदार में बेबाक और निर्भीक सच्चाई का संचार किया। परिंदा, क्रांतिवीर और प्रहार जैसी दमदार फिल्मों से लेकर अब तक छप्पन की दिल को छू लेने वाली तीव्रता तक, उनकी कला ने एक ऐसा मानदंड स्थापित किया जिसे शायद ही कोई हासिल कर पाए। सिनेमा से परे, उनकी सादगी, गहरी विनम्रता और सामाजिक कार्यों और ग्रामीण समुदायों के प्रति निस्वार्थ समर्पण उनकी आत्मा की सच्ची महानता को दर्शाता है।
नाना पाटेकर जी, आपकी आत्मा को शांति मिले। आपकी आवाज, आपका जोशीला व्यक्तित्व और आपकी महान विरासत हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी। उनके परिवार, मित्रों और दुनिया भर में उनके लाखों प्रशंसकों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं। ओम शांति 🙏
राजनाथ सिंह ने बताया अपूरणीय क्षति
वरिष्ठ भाजपा नेता व रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा- दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर का निधन भारतीय सिनेमा के लिए एक अपूरणीय क्षति है। उनकी असाधारण बहुमुखी प्रतिभा और गहनता कुछ ही अभिनेताओं में देखने को मिलती थी। वे अपनी बेमिसाल हास्य-व्यंग्य शैली से दर्शकों को हंसा सकते थे, वहीं अंकुश, प्रहार और क्रांतिवीर जैसी फिल्मों में उन्होंने एक ऐसी सहजता और गंभीरता का परिचय दिया जिसने हर किरदार को अविस्मरणीय बना दिया। उनकी आवाज, उनका व्यक्तित्व और बिल्कुल अलग-अलग दुनिया में ढल जाने की क्षमता ने उन्हें वास्तव में अद्वितीय बना दिया। नाना पाटेकर सिर्फ एक अभिनेता नहीं थे; वे स्वयं में एक संस्था थे। भारतीय सिनेमा में उनका उल्लेखनीय योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। उनके परिवार, मित्रों और अनगिनत प्रशंसकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं। उनकी आत्मा को शांति मिले। ओम शांति!
प्रकाश जावडेकर ने कहा, महान कलाकार ही नहीं, महान व्यक्ति भी थे नाना पाटेकर
वहीं, बीजेपी नेता प्रकाश जावडेकर ने नाना पाटेकर के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए, नाना पाटेकर एक महान कलाकार होने के साथ-साथ एक महान व्यक्ति भी थे। उनकी सोच और कला अनमोल थी क्योंकि उन्होंने अपने काम में जान फूंक दी थी; वे एक सच्चे कलाकार थे। उनके अचानक निधन से मुझे गहरा दुख हुआ है। उन्होंने जल संरक्षण के क्षेत्र में भी सामाजिक कार्य किया। यह हिंदी और मराठी सिनेमा दोनों के लिए एक दुखद दिन है।
गृह मंत्री अमित शाह ने जताया शोक
गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, भारतीय सिनेमा के महान अभिनेता नाना पाटेकर जी का निधन कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। पांच दशकों तक उन्होंने अपने सहज अभिनय और सशक्त संवाद अदायगी से दर्शकों के मन पर अमिट छाप छोड़ी। गंभीर सामाजिक विषय हों या हास्य-व्यंग्य, उन्होंने जिस किरदार को निभाया, उसे जीवंत बना दिया। 'नाम फाउंडेशन' के माध्यम से सूखे से जूझ रहे किसान परिवारों की सेवा हो या सीमा पर जाकर जवानों का हौसला बढ़ाना, वे ख्याति के शिखर पर पहुंचकर भी अपनी मिट्टी से जुड़े रहे। जब भी उनसे मिलना हुआ, उनकी सरलता व स्पष्टवादिता ने सदैव प्रभावित किया। ईश्वर शोकाकुल परिजनों व प्रशंसकों को यह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें और दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। ॐ शांति शांति शांति
केजरीवाल बोले, गहरा सदमा लगा
दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, महान नाना पाटेकर जी के निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है। विश्वास करना मुश्किल है कि वे अब हमारे बीच नहीं हैं। ईश्वर उनके परिवार और प्रियजनों को इस कठिन समय में शक्ति प्रदान करें। 90 के दशक की उनकी क्लासिक हिट फिल्मों ने पूरी पीढ़ी पर अमिट छाप छोड़ी। वे सिर्फ अभिनय ही नहीं करते थे, बल्कि अपने किरदारों को जीते थे। उनकी विशिष्ट शैली हमेशा हमारे दिलों में बसी रहेगी। ओम शांति 🙏
