देश

Uttarakhand News: उत्तराखंड में हरित पहल, अपने नाम का पौधा रोपेंगे पदक विजेता, दिखेगी ग्रीन गेम्स की छाप

उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों की थीम ग्रीन गेम्स बनाई है, इस थीम के अनुरूप पूरे आयोजन में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं।

Image

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

KEY HIGHLIGHTS
  1. राष्ट्रीय खेल की ग्रीन गेम थीम से बड़ा संदेश, खेल वन भी विकसित होगा
  2. खिलाड़ी और मेहमान रोपेंगे दस हजार से ज्यादा पौधे
  3. आयोजन में जगह-जगह दिखेगी ग्रीन गेम्स की छाप

अपने रजत जयंती वर्ष में 38 वें राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी कर रहे उत्तराखंड ने हरित पहल का शानदार उदाहरण पेश किया है। राष्ट्रीय खेलों में पदक जीतने वाला हर एक खिलाड़ी अपने नाम का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देगा। इसके लिए, आयोजन स्थल के समीप खेल वन विकसित किया जा रहा है। इस आयोजन में शामिल होने वाले मेहमान भी पौधा रोपेंगे। आयोजन के दौरान दस हजार से ज्यादा पौधों का रोपण किया जाएगा, उत्तराखंड ने राष्ट्रीय खेलों की थीम ग्रीन गेम्स बनाई है।

इस थीम के अनुरूप पूरे आयोजन में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने के लिए उत्तराखंड सरकार ने कई अहम कदम उठाए हैं। देहरादून में सबसे ज्यादा खेल स्पर्धाएं होनी हैं। यहां पर आयोजन स्थल के नजदीक खेल वन तैयार किया जा रहा है, जहां पर पदक जीतने वाले खिलाड़ी उत्तराखंड से अपनी स्मृति को जोड़ते हुए पौधा रोपित करेंगे। साथ ही, देश भर से आए मेहमान भी यहां पर पौधा लगाएंगे।

4350 पदक ई-वेस्ट से किए जाएंगे तैयार

राष्ट्रीय खेलों में विभिन्न स्पर्धाओं में करीब 4350 पदक खिलाड़ियों को प्रदान किए जाने हैं। यह तय किया गया है कि ये पदक ई-वेस्ट से तैयार किए जाएंगे। उत्तराखंड सरकार इसी हिसाब से पदकों की तैयारी कर रही है। इसके अलावा, राष्ट्रीय खेलों में खिलाड़ियों को दिए जाने वाले प्रमाणपत्र तक को भी पर्यावरण अनुकूल और बायोडिग्रेडबल पदार्थों से तैयार किया जा रहा है। खेल स्थलों पर खिलाड़ियों के एक स्थान से दूसरे स्थान तक जाने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। पेयजल के लिए रिसाइकिल्ड पीईटी बोतलों का इस्तेमाल किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में होगा लाइट एंड साउंड शो

राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह को भव्य बनाने की तैयारी की जा रही है। लाइट एंड साउंड के कार्यक्रम होंगे। इसके अलावा, इवेंट की सजावट के लिए लगाई कलाकृतियों और सेल्फी प्वाइंट को भी ई-वेस्ट से तैयार किया जा रहा है। ई-वेस्ट से तैयार टाइगर भी आयोजन स्थल पर स्थापित कर दिया गया है।

उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा- प्रधानमंत्री जी ने पिछले वर्ष एक पेड़ मां के नाम अभियान शुरू कर पर्यावरण संरक्षण के लिए पूरे देश को जागरूक किया था। उत्तराखंड में इस अभियान के तहत काफी काम हुआ। अब राष्ट्रीय खेलों की थीम को हमने ग्रीन गेम्स किया है। इसी अनुरूप, कई कदम ऐसे उठाए जा रहे हैं कि खेलों के साथ ही साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी देश-दुनिया तक प्रभावशाली ढंग से पहुंचे।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article