Apache Helicopters: रक्षा विनिर्माण क्षेत्र की अहम कंपनी बोइंग ने भारतीय सेना को दिए जाने वाले अपाचे हेलीकॉप्टर का उत्पादन शुरू कर दिया है। यह जानकारी अमेरिकी मूल की कंपनी की ओर से बुधवार को दी गई।
बयान के मुताबिक, ''बोइंग ने भारतीय सेना को सौंपे जाने वाले अपाचे हेलीकॉप्टर का उत्पादन एरीजोना के मेसा में शुरू कर दिया है।'' बोइंग इंडिया के अध्यक्ष सलील गुप्ते की ओर से आगे जानकारी दी गई कि भारत की रक्षा क्षमताओं का समर्थन करते हुए बोइंग एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करने पर बहुत खुश हैं।
बकौल गुप्ते, ''एएच-64 की उन्नत तकनीक और प्रमाणित प्रदर्शन, भारतीय सेना की परिचालन तैयारियों और उसकी रक्षा क्षमताओं को और मजबूत बनाने में मदद करेगा।'' बोइंग के मेसा केंद्र की वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टीना उपाह ने कहा, ''एएच-64ई दुनिया का प्रमुख लड़ाकू हेलीकॉप्टर बना हुआ है।''
दरअसल, कंपनी कुल छह एएच-64ई अपाचे हेलीकॉप्टर भारतीय सेना को सौंपेगी, भारतीय सेना के अपाचे की आपूर्ति 2024 तक निर्धारित है। एएच-64 अपाचे दुनिया के सबसे उन्नत बहुउद्देश्यीय लड़ाकू हेलीकाप्टरों में से एक है।
