Maharashtra Politics: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार को विधानसभा में राहुल गांधी के नेतृत्व वाली भारत जोड़ो यात्रा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में अर्बन नक्सल शामिल हुए।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस
देवेंद्र फडणवीस ने आरोप लगाया कि कुछ ऐसे संगठन भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए, जिन्हें महाराष्ट्र में कांग्रेस-एनसीपी सरकार और केंद्र में मनमोहन सिंह सरकार द्वारा अर्बन नक्सलियों का मुखौटा संगठन घोषित किया गया था।
उन्होंने कहा कि ऐसे संगठनों का उद्देश्य देश में संवैधानिक निकायों के बारे में लोगों में भ्रम पैदा करना है। यह आपकी देशभक्ति पर सवाल उठाने के बारे में नहीं है, लेकिन आपको यह समझना चाहिए कि आपका इस्तेमाल कौन कर रहा है।
काठमांडू बैठक को लेकर बड़ा दावा
इस दौरान देवेंद्र फडणवीस ने एक बड़ा दावा भी किया। उन्होंने दावा किया कि 15 नवंबर, 2024 को काठमांडू में एक बड़ी मीटिंग हुई है जिसमें भारत जोड़ो यात्रा के लोग और अर्बन नक्सल शामिल हुए हैं।
आत्मचिंतन करें विपक्ष
राज्य विधानमंडल के दोनों सदनों में राज्यपाल के संयुक्त अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर विधानसभा में हुई बहस का जवाब देते हुए देवेंद्र फडणवीस ने विपक्ष से आत्मचिंतन करने और ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन) को दोष देने के बजाय विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश को स्वीकार करने को कहा।
उन्होंने महाभारत की मिसाल देते हुए कहा कि वह आधुनिक समय के अभिमन्यु हैं, जो चक्रव्यूह को तोड़ना जानते हैं। उन्होंने कहा कि ईवीएम का मतलब है 'एवरी वोट फॉर महाराष्ट्र' (सभी वोट महाराष्ट्र के लिए) जो हमें मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा, ''अगर आप जीते, तो यह जनादेश और लोकतंत्र की जीत है। लेकिन अगर आप हारे, तो इसका दोष ईवीएम और भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) पर डाल दो। आप उन संस्थाओं के बारे में अविश्वास पैदा कर रहे हैं जिनके पास संवैधानिक अधिकार हैं। यह लोगों और संविधान का अपमान है जिसने उन्हें वोट देने का अधिकार दिया है।''
(एजेंसी इनपुट के साथ)
