देश

UP News: 'संविधान नहीं, सत्ता के प्रति वफादार हैं यूपी के पुलिस अफसर', इलाहाबाद हाईकोर्ट की सख्त टिप्पणी

UP News: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने टिप्पणी की कि यूपी में पुलिस अधिकारी संविधान के बजाय सत्तारूढ़ व्यवस्था के प्रति वफादार हैं। कोर्ट ने ट्रांसफर-पोस्टिंग, गैंगस्टर एक्ट के दुरुपयोग और बिकरू कांड जैसी प्रशासनिक विफलताओं पर गंभीर सवाल उठाए।

Image

इलाहाबाद हाईकोर्ट (फाइल फोटो- PTI)

UP News: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश पुलिस और राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था पर बेहद कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा है कि प्रदेश में कई पुलिस अधिकारी संविधान के बजाय सत्तारूढ़ व्यवस्था के प्रति अधिक वफादार दिखाई देते हैं। कोर्ट ने कहा कि उत्तर प्रदेश में राजनीतिक संरक्षण की संस्कृति इतनी गहरी है कि अधिकारियों की नियुक्ति, तबादले और पदोन्नति अक्सर योग्यता के बजाय राजनीतिक निष्ठा के आधार पर तय होती हैं।

जस्टिस विनोद दिवाकर की सिंगल बेंच ने यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश गैंगस्टर्स एवं असामाजिक गतिविधियां (निवारण) अधिनियम, 1986 के तहत दर्ज एक मामले की सुनवाई के दौरान की। कोर्ट ने अपने फैसले में कहा कि उत्तर प्रदेश की राजनीतिक और नौकरशाही व्यवस्था लंबे समय से सामंती मानसिकता से प्रभावित रही है, जिसके कारण संवैधानिक शासन कई बार सार्वजनिक सेवा के बजाय व्यक्तिगत प्रभाव और नियंत्रण का माध्यम बन गया है।

'संविधान नहीं, सरकार के प्रति होती है अधिकारियों की निष्ठा'

हाईकोर्ट ने कहा कि राज्य में पसंदीदा अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिलों और शहरी कमिश्नरेट में तैनाती दी जाती है, जबकि स्वतंत्र रवैया रखने वाले अधिकारियों को महत्वहीन पदों पर भेज दिया जाता है। अदालत ने कहा कि तबादला-पोस्टिंग की इसी व्यवस्था के कारण कई अधिकारी अपने आचरण को राजनीतिक आकाओं की अपेक्षाओं के अनुरूप ढाल लेते हैं।

कोर्ट ने कहा कि अधिकारियों की निष्ठा संविधान के बजाय सत्तारूढ़ व्यवस्था की ओर झुक जाती है। इसी वजह से एनकाउंटर, चुनिंदा कार्रवाई और गैंगस्टर एक्ट के कथित दुरुपयोग जैसे मामलों पर समय-समय पर न्यायालयों को हस्तक्षेप करना पड़ा है।

'कानून का शासन नहीं, सुविधानुसार कार्रवाई'

फैसले में अदालत ने कहा कि पुलिस अधिकारियों का एक बड़ा वर्ग कानून के शासन को संवैधानिक दायित्व के बजाय प्रशासनिक बाधा के रूप में देखता है। कई मामलों में बिना उचित प्रक्रिया के गिरफ्तारी की जाती है, एफआईआर दर्ज करने या दबाने में पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया जाता है और निवारक निरोध संबंधी प्रावधानों का मनमाने ढंग से इस्तेमाल होता है।

कोर्ट ने कहा कि आपराधिक प्रक्रिया संहिता और अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) में दिए गए सुरक्षा प्रावधानों को भी कई बार नजरअंदाज किया जाता है। न्यायिक आदेशों का पालन औपचारिक रूप से किया जाता है, लेकिन उनकी मूल भावना को कमजोर कर दिया जाता है।

गृह सचिव की भूमिका पर भी सवाल

हाईकोर्ट ने राज्य के गृह विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। अदालत ने कहा कि कुछ अधिकारी, जो गृह सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों तक पहुंचे, उन्होंने कई बार निष्पक्ष प्रशासनिक निर्णयों के बजाय व्यक्तिगत या बाहरी हितों से प्रभावित होकर काम किया।

कोर्ट ने राज्य सरकार को सलाह दी कि वह गृह विभाग में कार्यरत अधिकारियों की कार्यक्षमता और उपयुक्तता का स्वतंत्र मूल्यांकन करे, ताकि संस्थागत जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके।

विकास दुबे कांड का भी किया जिक्र

अदालत ने कानपुर के बिकरू कांड का भी उल्लेख किया, जिसमें कुख्यात अपराधी विकास दुबे को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला हुआ था और एक डीएसपी समेत आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी।

कोर्ट ने कहा कि इतनी गंभीर प्रशासनिक विफलता के बावजूद संबंधित अधिकारी को केवल औपचारिक चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। अदालत के अनुसार इस तरह की नरमी संस्थागत दंडमुक्ति की संस्कृति को बढ़ावा देती है, जिससे जवाबदेही कमजोर होती है।

सुप्रीम कोर्ट में भी लंबित है मामला

हालांकि हाईकोर्ट ने कहा कि गैंगस्टर्स एक्ट, 1986 से जुड़े कई व्यापक मुद्दे फिलहाल सुप्रीम कोर्ट के विचाराधीन हैं। इसलिए उसने इस मामले में अंतिम निष्कर्ष देने से परहेज किया, लेकिन राज्य में पुलिस व्यवस्था और प्रशासनिक जवाबदेही से जुड़े गंभीर प्रश्नों को रिकॉर्ड पर दर्ज किया।

कोर्ट ने स्पष्ट कहा कि संवैधानिक शासन किसी व्यक्ति, अधिकारी या सरकार की सुविधा के अनुसार नहीं चल सकता। राज्य की पूरी प्रशासनिक व्यवस्था को संविधान और कानून के प्रति जवाबदेह रहना होगा, न कि किसी राजनीतिक सत्ता प्रतिष्ठान के प्रति।

Gaurav Srivastav
गौरव श्रीवास्तवauthor

टीवी न्यूज रिपोर्टिंग में 10 साल पत्रकारिता का अनुभव है। फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से लेकर कानूनी दांव पेंच से जुड़ी हर खबर आपको इस जगह मिलेगी। साथ ही चुनाव आयोग, विपक्ष के राजनीतिक घटनाक्रम से लेकर हर जनहित मुद्दे पर मेरी नजर रहती है।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!

संबंधित खबरें

TIMES NOW के रिपोर्टर पर हुए हमले के खिलाफ फूटा मीडिया का आक्रोश, पत्रकार बोले-बर्दाश्त नहीं ऐसी हिंसा

TIMES NOW के रिपोर्टर पर हुए हमले के खिलाफ फूटा मीडिया का आक्रोश, पत्रकार बोले-बर्दाश्त नहीं ऐसी हिंसा

दिल्ली में पत्रकारिता पर हमला; जंतर-मंतर पर TIMES NOW के रिपोर्टर देव कोटक से मारपीट व लूटपाट, सपा नेता ने की कड़ी निंदा

दिल्ली में पत्रकारिता पर हमला; जंतर-मंतर पर TIMES NOW के रिपोर्टर देव कोटक से मारपीट व लूटपाट, सपा नेता ने की कड़ी निंदा

छात्रों के समर्थन में उतरे आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, शशि थरूर, सरकार पर उठाए गंभीर सवाल

छात्रों के समर्थन में उतरे आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर, शशि थरूर, सरकार पर उठाए गंभीर सवाल

सिक्किम टनल हादसा: नामची में निर्माणाधीन सुरंग ढहने से अब तक 20 मजदूरों की मौत, राहत-बचाव अभियान जारी

सिक्किम टनल हादसा: नामची में निर्माणाधीन सुरंग ढहने से अब तक 20 मजदूरों की मौत, राहत-बचाव अभियान जारी

आज की ताजा खबर, 22 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: सिक्किम सुरंग हादसे में 20 मजदूरों की मौत, सोनम वांगचुक का हाल जानने पहुंचे जेपी नड्डा, राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक; 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

आज की ताजा खबर, 22 जुलाई 2026 हिंदी न्यूज लाइव: सिक्किम सुरंग हादसे में 20 मजदूरों की मौत, सोनम वांगचुक का हाल जानने पहुंचे जेपी नड्डा, राम मंदिर ट्रस्ट की बैठक; 18 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट